• Fri. Aug 21st, 2026

कांग्रेस की बड़ी बैठक छोड़ परीक्षा देने पहुंचे चन्नी, जानिए क्या पढ़ रहे हैं पूर्व CM

ByAdmin

Aug 20, 2026

पंजाब कांग्रेस में चल रही अंदरूनी खींचतान और गुटबाजी के बीच पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस सांसद चरणजीत सिंह चन्नी इन दिनों राजनीति से इतर अपनी पढ़ाई पर फोकस कर रहे हैं। चन्नी पंजाब यूनिवर्सिटी से पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन में एमए कर रहे हैं। गुरुवार को वह परीक्षा देने पंजाब यूनिवर्सिटी पहुंचे और आम छात्रों की तरह परीक्षा हॉल में बैठकर पेपर दिया।

चरणजीत सिंह चन्नी की परीक्षा दोपहर 12:30 बजे तक चली। इस दौरान उनकी सुरक्षा में तैनात कर्मचारी और अन्य स्टाफ परीक्षा केंद्र के बाहर मौजूद रहे। चन्नी ने परीक्षा हॉल के अंदर एक आम छात्र की तरह पेपर दिया।

चरणजीत सिंह चन्नी पढ़ाई और उच्च शिक्षा के प्रति अपनी रुचि के लिए भी जाने जाते हैं। 15 मार्च 1963 को जन्मे चन्नी की उम्र 63 वर्ष है। वह अब तक कई उच्च शैक्षणिक डिग्रियां हासिल कर चुके हैं। उन्होंने पंजाब यूनिवर्सिटी से बीए और एलएलबी की पढ़ाई की है। इसके अलावा आईके गुजराल पंजाब टेक्निकल यूनिवर्सिटी से एमबीए और पंजाब यूनिवर्सिटी से राजनीति विज्ञान में एमए किया है।

साल 2023 में चन्नी ने पंजाब यूनिवर्सिटी से राजनीति विज्ञान में पीएचडी भी पूरी की थी। अब वह इसी विश्वविद्यालय से पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन में एमए कर रहे हैं।

चरणजीत सिंह चन्नी की परीक्षा ऐसे समय में हो रही है, जब पंजाब कांग्रेस के भीतर राजनीतिक गतिविधियां तेज हैं। परीक्षा में शामिल होने के चलते वह दिल्ली में आयोजित कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक में भी शामिल नहीं हुए। ऐसे में एक तरफ जहां पंजाब कांग्रेस में संगठन और नेतृत्व को लेकर चर्चाएं जारी हैं, वहीं चन्नी फिलहाल अपनी पढ़ाई को प्राथमिकता देते नजर आ रहे हैं।

2022 के पंजाब विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को हार का सामना करना पड़ा था। चुनाव के बाद चरणजीत सिंह चन्नी कुछ समय के लिए सक्रिय राजनीति से दूर रहे और अमेरिका चले गए थे। अमेरिका में रहते हुए उन्होंने राजनीतिक गतिविधियों के बजाय अपनी अधूरी थिसिस पूरी करने पर ध्यान केंद्रित किया। उन्होंने वहां रहकर अपनी रिसर्च पूरी की। अब एक बार फिर चन्नी पढ़ाई जारी रखते हुए पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन में एमए कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page