जालंधरः कपूरथला चौक के नजदीक स्थित गोल्डन टूल्स की दुकान पर देर रात उस समय हंगामा हो गया, जब एक कंपनी के प्रतिनिधियों ने दुकान मालिक पर कंपनी के नाम से कॉपी सामान बेचने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की। कंपनी की ओर से मामले की सूचना संबंधित थाने की पुलिस को दी गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। कंपनी के प्रतिनिधियों और पुलिस की मौजूदगी में दुकान से कथित तौर पर कॉपी सामान को जब्त किया गया। इस दौरान दुकान मालिक और पुलिस के बीच बहस भी हुई।
वहीं थाना-2 एसएचओ अनु पलियाल और डिस्ट्रीब्यूटर के बीच तीखी बहस का वीडियो सामने आया है। कार्रवाई के दौरान एसएचओ कहती हैं कि इतना डुप्लीकेट माल पकड़ा है, क्या पूरे देश में बेच रहे थे। एक बार कोर्ट के आदेश पर कार्रवाई हुई तो रास्ता नहीं मिलेगा। एसएचओ ये भी कहती सुनी गईं कि आपने मुझे फोन क्यों नहीं किया। इस बीच डिस्ट्रीव्यूर ने भी एसएचओ के इस अंदाज का जवाब दिया और कहा कि आप लैब टेस्ट के बिना पहले ही कैसे तय कर रही हैं कि हमारा माल डुप्लीकेट है। हमारे पास बिल हैं और आपको बिलिंग का माल भी देखना चाहिए। हम पर जो हमला हुआ और हमारे स्टोर मे जो शराबी लेबर घुसी उस पर बात क्यों नहीं कर रहीं।
डिस्ट्रीब्यूटर ने जब कहा कि हम सीपी सतिंदर सिंह से मिलकर उनके सामने भी मामला रखें तो एसएचओ बोलीं जहां मर्जी चले जाओ। मेरी तरफ से अभी चले जाओ और कार्रवाई में बाधा न डालें। मैं अपने आईओ की बात सुनूंगी न कि आपकी। जब डिस्ट्रीब्यूर ने कहा कि आपके थाने का नंबर उनके पास नहीं था और थाना-1 का नंबर था तो एसएचओ ने कहा कि यहां कार्रवाई थाना-1 के अधिकारी करेंगे क्या। अगर उनका नंबर है तो बताओ क्या नंबर है।
एसएचओ की इस तरह की बहस ने पंजाब पुलिस की बातचीत के लहजे और कार्रवाई के अंदाज की भी पोल खोली है। हालांकि पुलिस ने कार्रवाई से गुरेज नहीं किया और संदिग्ध माल को ट्रकों में लदवाकर थाने ले गई। दूसरी ओर गोल्डन डिस्ट्रीब्यूटर के मालिक ने कंपनी के सभी आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि उनके पास दुकान में मौजूद पूरे सामान के बिल उपलब्ध हैं और उन्हें गलत तरीके से फंसाया जा रहा है।

