लुधियाना के जालंधर बाईपास चौक पर स्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के साथ शरारती तत्वों द्वारा छेड़छाड़ करने पर हंगामा हो गया। जानकारी के अनुसार, किसी अज्ञात व्यक्ति ने बाबा साहेब की प्रतिमा के गले में जूतों का हार डाल दिया। घटना 5 सितंबर की बताई जा रही है। इसको लेकर अब एससी भाईचारे ने बुधवार, 9 सितंबर को सुबह 10 से शाम 5 बजे तक बंद की कॉल दी है।
जैसे ही इस घटना की भनक स्थानीय लोगों को लगी, इलाके में तनाव की स्थिति पैदा हो गई। इस कृत्य से वाल्मीकि भाईचारे के लोगों में भारी रोष फैल गया है। आक्रोशित लोगों ने जालंधर बाईपास चौक पर इकट्ठा होकर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया है। एक घंटे से भी ज्यादा समय से ट्रैफिक जाम है।
दोनों तरफ वाहनों की कतारें लग गई हैं। इससे जालंधर की ओर जाने वाले वाहनों की रफ्तार थम गई है। मोके पर पहुंचे आम आदमी पार्टी के विधायक का लोगों ने विरोध किया। लोगो ने आप सरकार मुर्दाबाद के नारे लगाए।
इस घटना के विरोध में वाल्मीकि समाज ने जमकर प्रदर्शन किया है। लोगों का कहना है कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर का अपमान सहन नहीं किया जाएगा। इसको लेकर विरोध जताया जाएगा। तनाव के बीच पुलिस अधिकारी समीर वर्मा पहुंचे और आरोपियों को गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया। इस पर भी वाल्मीकि समाज नहीं माना और लगातार प्रदर्शन चल रहा है।

