मोगा में विजिलेंस ब्यूरो ने थाना कोट इसे खां की SHO सुनीता रानी को 50 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। इस मामले में होमगार्ड गुर अवतार सिंह को भी गिरफ्तार किया गया है। दोनों के खिलाफ विजिलेंस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
SHO सुनीता रानी को जब विजिलेंस टीम पेशी के लिए लेकर जा रही थी, तब उन्होंने मीडिया के सवालों के जवाब में कहा, “ऑल इज़ वेल, कोई नहीं… वादे घाटे चलदे रहंदे ने, नो इश्यू, देखदे आं।” उनका यह बयान अब चर्चा में है।
जानकारी के मुताबिक, राजविंदर सिंह ने विजिलेंस ब्यूरो के पास शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि थाना कोट इसे खां में एक मामले में नामजद करने का डर दिखाकर होमगार्ड गुर अवतार सिंह ने उससे एक लाख रुपए रिश्वत की मांग की थी। बाद में होमगार्ड 80 हजार रुपए लेने के लिए तैयार हो गया। शिकायतकर्ता के मुताबिक, आरोपी अलग-अलग तारीखों में उससे 20 हजार रुपए पहले ही ले चुका था।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि इसके बाद होमगार्ड ने बकाया 60 हजार रुपए की मांग की। इस बातचीत को शिकायतकर्ता ने अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया और रिकॉर्डिंग विजिलेंस इंस्पेक्टर जगनदीप कौर को सौंप दी। शिकायत और रिकॉर्डिंग की जांच के बाद विजिलेंस ब्यूरो ने मामले में कार्रवाई शुरू की और रिश्वत लेने वालों को पकड़ने के लिए ट्रैप लगाया।
विजिलेंस टीम ने ट्रैप लगाकर होमगार्ड गुर अवतार सिंह को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान उसने बताया कि रिश्वत की रकम में से 50 हजार रुपए थाना कोट इसे खां की SHO सुनीता रानी को देने थे। इसके बाद विजिलेंस टीम ने कार्रवाई करते हुए SHO सुनीता रानी को भी गुर अवतार सिंह से 50 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। विजिलेंस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच आगे बढ़ा दी है।
