अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने 2027 वनडे विश्व कप के आधिकारिक कार्यक्रम का ऐलान कर दिया है। इस मेगा टूर्नामेंट का सबसे बड़ा और बहुप्रतीक्षित मुकाबला 10 अक्टूबर को भारत और पाकिस्तान के बीच खेला जाएगा। चिर-प्रतिद्वंद्वी दोनों टीमों को एक ही ग्रुप में जगह मिली है। टूर्नामेंट के फॉर्मेट और समीकरणों के लिहाज से इस विश्व कप के दौरान भारत और पाकिस्तान के फैंस को तीन बार हाई-वोल्टेज मुकाबले देखने को मिल सकते हैं।
विश्व कप का 14वां संस्करण 2 अक्टूबर से शुरू होकर 21 नवंबर तक चलेगा। इस बार टूर्नामेंट का दायरा बढ़ाते हुए पहली बार 14 टीमों को शामिल किया गया है, जिनके बीच कुल 57 मुकाबले खेले जाएंगे। इस बार विश्व कप की संयुक्त मेजबानी दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया के 12 मैदान मिलकर करेंगे। इतिहास की बात करें तो वनडे विश्व कप में पाकिस्तान कभी भी भारत को हरा नहीं पाया है। अब तक दोनों टीमों के बीच खेले गए सभी 8 मुकाबलों में भारत ने जीत हासिल की है। वहीं, ओवरऑल आईसीसी इवेंट्स (विश्व कप और चैंपियंस ट्रॉफी) में हुए 23 मैचों में से भारत ने 19 बार बाजी मारी है।
भारतीय टीम अपने विश्व कप अभियान की शुरुआत 7 अक्टूबर को केप टाउन में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ करेगी। गौरतलब है कि 2023 के वनडे विश्व कप फाइनल में भारत को ऑस्ट्रेलिया से ही हार का सामना करना पड़ा था, ऐसे में टीम इंडिया के पास शुरुआती मैच में ही हिसाब बराबर करने का मौका होगा। भारत और पाकिस्तान के साथ ग्रुप-A में ऑस्ट्रेलिया, अफगानिस्तान और मेजबान जिम्बाब्वे मौजूद हैं। वहीं, ग्रुप-B में इंग्लैंड, दक्षिण अफ्रीका, श्रीलंका, बांग्लादेश और न्यूजीलैंड को रखा गया है। दोनों ग्रुप में एक-एक टीम क्वालिफायर मुकाबलों के जरिए प्रवेश करेगी।
