• Thu. Nov 5th, 2026

Punjab Khabar Live

Latest Hindi News Portal, हिंदी समाचार पोर्टल

जालंधर में बेखौफ हमलावरों का आतंक! घर के बाहर गोलियों से छलनी की XUV

ByAdmin

Nov 5, 2026

जालंधर स्थित गुरुनानक नगर इलाके में बुधवार (4 नवंबर) देर रात बिजली कटते ही बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों ने दहशत फैला दी। अंधेरे का फायदा उठाते हुए हमलावरों ने करीब 6 राउंड फायरिंग की। इसमें से 4 गोलियां सीधे एक दाल व्यापारी के घर के बाहर खड़ी महिंद्रा XUV गाड़ी को निशाना बनाकर चलाई गईं, जबकि 2 गोलियां हवा में दाग दी गईं।

पीड़ित गाड़ी मालिक के अनुसार, वारदात से कुछ समय पहले लगभग 6 नकाबपोश युवक उसके घर के बाहर पहुंचे थे। बदमाशों ने उसे आवाज देकर सड़क पर खड़ी अपनी XUV गाड़ी साइड करने को कहा। जब उसने गाड़ी हटाने से मना कर दिया, तो वे वहां से चले गए। इसके बाद जैसे ही इलाके की बिजली बंद हुई, बदमाश अंधेरे की आड़ लेकर वापस लौटे और उनमें से 2 युवकों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। घटना के वक्त व्यापारी अपनी पत्नी के साथ घर के अंदर मौजूद था।

फायरिंग की घटना से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की। क्राइम सीन से पुलिस को गोलियों के 6 खाली खोल बरामद हुए हैं।

पुलिस ने पीड़ित के बयानों के आधार पर केस दर्ज कर लिया है। हमलावरों की पहचान और उनके भागने के रूट का पता लगाने के लिए इलाके में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page