• Thu. Nov 12th, 2026

Punjab Khabar Live

Latest Hindi News Portal, हिंदी समाचार पोर्टल

बस्ती दानिशमंदा में 1.05 करोड़ रुपये की लागत से बनेंगे श्री गुरु रविदास महाराज जी और सतगुरु कबीर भवन के भव्य प्रवेश द्वार : मंत्री मोहिंदर भगत

ByAdmin

Nov 12, 2026
जालंधर : बस्ती दानिशमंदा क्षेत्र के विकास और धार्मिक स्थलों की सुंदरता को नया स्वरूप देने की दिशा में आज एक महत्वपूर्ण पहल की गई। कैबिनेट मंत्री पंजाब मोहिंदर भगत ने बस्ती दानिशमंदा के मुख्य द्वार पर बनने वाले श्री गुरु रविदास महाराज जी के भव्य प्रवेश द्वार तथा 120 फुटी रोड पर स्थित सतगुरु कबीर भवन के बाहर बनने वाले प्रवेश द्वार के निर्माण कार्यों की जेसीबी मशीन चलवाकर शुभ शुरुआत करवाई।
इन दोनों महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर करीब 1 करोड़ 5 लाख रुपये की राशि खर्च की जाएगी। इसमें बस्ती दानिशमंदा के मुख्य द्वार पर बनने वाले श्री गुरु रविदास महाराज जी के गेट पर लगभग 70 लाख रुपये तथा 120 फुटी रोड पर सतगुरु कबीर भवन के बाहर बनने वाले गेट पर करीब 35 लाख रुपये की लागत आएगी। इन प्रवेश द्वारों का निर्माण पूरा होने के बाद इलाके की सुंदरता और धार्मिक पहचान को एक नई पहचान मिलेगी।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत ने मुख्यमंत्री भगवंत मान की अगुवाई वाली पंजाब सरकार की विकास नीतियों की सराहना करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में पंजाब के प्रत्येक क्षेत्र में विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। सरकार का उद्देश्य केवल बुनियादी सुविधाओं का विस्तार करना ही नहीं, बल्कि धार्मिक, सामाजिक और ऐतिहासिक महत्व वाले स्थानों का सम्मानपूर्वक विकास करवाना भी है।
उन्होंने कहा कि श्री गुरु रविदास महाराज जी और सतगुरु कबीर जी ने अपनी महान वाणी के माध्यम से समाज को समानता, भाईचारे, प्रेम, सद्भावना और मानवता का संदेश दिया है। इन महान संतों के नाम से जुड़े स्थानों पर भव्य प्रवेश द्वारों का निर्माण करवाना उनके प्रति श्रद्धा और सम्मान प्रकट करने का एक प्रयास है।
मोहिंदर भगत ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान की सोच के अनुसार विकास का लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग और हर इलाके तक पहुंचना चाहिए। जालंधर वेस्ट विधानसभा क्षेत्र में भी लोगों की जरूरतों के मुताबिक सड़कों, सीवरेज, स्ट्रीट लाइटों और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कार्य लगातार करवाए जा रहे हैं। उन्होंने विश्वास दिलाया कि क्षेत्र के विकास के लिए भविष्य में भी किसी प्रकार की कमी नहीं रहने दी जाएगी।
उन्होंने आगे कहा कि बस्ती दानिशमंदा के लोगों की लंबे समय से धार्मिक स्थलों की सुंदरता और बेहतर पहचान को लेकर अपेक्षाएं रही हैं। इन दोनों प्रवेश द्वारों के निर्माण से न केवल इलाके में आने वाले श्रद्धालुओं और लोगों को आकर्षक स्वरूप देखने को मिलेगा, बल्कि बस्ती दानिशमंदा की धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान भी और मजबूत होगी।
इस मौके पर पार्षद डॉ. मनीष करलूपीया, कमल लोच सहित कई गणमान्य व्यक्ति, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में इलाका निवासी मौजूद रहे। उपस्थित लोगों ने दोनों विकास परियोजनाओं की शुरुआत का स्वागत करते हुए कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत का आभार व्यक्त किया।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page