अमेरिका में एयर ट्रैफिक संकट के बाद अब बैंकिंग सेक्टर में भी तकनीकी गड़बड़ी से हड़कंप मच गया। सोमवार को देश के सबसे बड़े बैंकों में शामिल JPMorgan Chase की सेवाओं में अचानक तकनीकी खराबी आ गई। इसके चलते हजारों ग्राहकों को बैंकिंग से जुड़े जरूरी काम करने में परेशानी का सामना करना पड़ा। ऑनलाइन बैंकिंग से लेकर पैसे ट्रांसफर करने तक कई सेवाएं प्रभावित हुईं। इस समस्या का असर सिर्फ JPMorgan Chase तक सीमित नहीं रहा, बल्कि अमेरिका के कई अन्य बड़े बैंकों के ग्राहक भी इससे प्रभावित हुए।
तकनीकी खराबी के कारण ग्राहकों को ऑनलाइन बैंक अकाउंट खोलने, खाते का बैलेंस चेक करने और पेमेंट भेजने में परेशानी हुई। इसके अलावा कई लोगों के ट्रांजेक्शन भी बीच में अटक गए। अचानक आई इस समस्या के चलते ग्राहकों ने बैंकिंग सेवाओं को लेकर शिकायतें कीं और जरूरी वित्तीय लेनदेन प्रभावित हुए।
इस तकनीकी संकट का असर JPMorgan Chase के अलावा बैंक ऑफ अमेरिका, यूएस बैंक, वेल्स फार्गो, कैपिटल वन और ट्रूइस्ट जैसे प्रमुख वित्तीय संस्थानों पर भी पड़ा। इन बैंकों के ग्राहकों को भी ऑनलाइन बैंकिंग और ट्रांजेक्शन से जुड़ी समस्याओं का सामना करना पड़ा।
JPMorgan Chase के अमेरिका में 8.6 करोड़ से अधिक ग्राहक हैं। ऐसे में बैंकिंग सेवाओं में आई इस तकनीकी खराबी का असर बड़ी संख्या में लोगों पर पड़ा। हालांकि, बैंक की सेवाएं अब दोबारा सामान्य हो चुकी हैं और ग्राहक पहले की तरह बैंकिंग सुविधाओं का इस्तेमाल कर पा रहे हैं।
