आम आदमी पार्टी पंजाब के महासचिव एवं जालंधर कैंट विधानसभा क्षेत्र के इंचार्ज दीपक बाली ने जानकारी देते हुए बताया कि 26 नवंबर को मोगा के मटवाणे में आम आदमी पार्टी के 15वें स्थापना दिवस के अवसर पर एक विशाल और ऐतिहासिक रैली का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह रैली पार्टी के राजनीतिक सफर में एक यादगार अध्याय जोड़ने जा रही है। इस ऐतिहासिक जनसभा में एक लाख से अधिक लोगों के शामिल होने की उम्मीद है, जिसके लिए लगभग 116 एकड़ भूमि निर्धारित की गई है।
दीपक बाली ने बताया कि 26 नवंबर 2012 को स्थापित हुई आम आदमी पार्टी इस वर्ष अपना 15वां स्थापना दिवस मना रही है। पार्टी की ओर से इस अवसर को यादगार बनाने के लिए पंजाब भर से आने वाले नेताओं और कार्यकर्ताओं के स्वागत तथा अन्य व्यवस्थाओं को लेकर व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।
उन्होंने बताया कि इस ऐतिहासिक रैली में पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक श्री अरविंद केजरीवाल जी, पंजाब के मुख्यमंत्री स. भगवंत सिंह मान जी सहित पार्टी की समूची वरिष्ठ लीडरशिप, नेता और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शिरकत करेंगे।
दीपक बाली ने पार्टी के सभी नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में मोगा पहुंचकर इस ऐतिहासिक रैली के साक्षी भी बनें और इसका हिस्सा भी बनें। उन्होंने कहा कि यह जनसभा पार्टी की एकजुटता, संगठनात्मक मजबूती और कार्यकर्ताओं के उत्साह का प्रतीक बनेगी।
उन्होंने आगे कहा कि मोगा की धरती से उठने वाली यह राजनीतिक गूंज आगामी 2027 पंजाब विधानसभा चुनावों से पहले पार्टी कार्यकर्ताओं में नया जोश और उत्साह भरने का काम करेगी।
