• Thu. Feb 5th, 2026

कपूरथला से बड़ी खबरः महिला सेवादार का व्यक्ति ने किया कत्ल

ByPunjab Khabar Live

Dec 19, 2023

कपूरथला के गांव सिधवां दोना में एक मंदिर की मुख्य सेवादार महिला को गांव के ही एक युवक ने तेजधार हथियार से हमला कर मौत के घाट उतार दिया। घटना की सूचना मिलने के बाद थाना सदर एसएचओ ने मौके पर पहुंच महिला के शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल में रखवाया। एसएचओ सोनमदीप कौर ने बताया कि हत्या के आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी गई है।

मृतक महिला की पहचान सरिता देवी (26) पत्नी राकेश कुमार वासी सिधवां दोनां मूल वासी बिहार के रुप में हुई है। बताया यह भी जा रहा है कि सेवादार महिला आरोपी को शराब पीकर मंदिर आने से रोकती थी। इसी वजह से उसने महिला पर हमला कर दिया। मृतका के पति राकेश कुमार ने पुलिस को बताया कि वह एक रेस्टोरेंट में काम करता है। देर शाम उसे किसी ने सूचना दी कि उसकी पत्नी सरिता देवी मंदिर में सेवा कर रही थी। गांव के एक युवक ने उस पर दातर व लोहे की रॉड से हमला कर दिया है। घायल महिला को गांव निवासियों की सहायता से कपूरथला सिविल अस्पताल में ले जाया गया जहां ड्यूटी डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया है।

राकेश कुमार ने बताया कि उसकी पत्नी पांच वर्ष से सिधवां दोना के माता श्री सलोनी देवी मंदिर में मुख्य सेवादार के तौर पर काम कर रही थी। जिस युवक ने हमला किया है, वह इसी गांव का ही रहने वाला है। हत्या के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। राकेश कुमार ने बताया कि आरोपी युवक अकसर शराब पीकर मंदिर में आता था जिससे सरिता उसे मना करती थी। इसी रंजिश में आरोपी ने उसकी पत्नी की हत्या की है। एसएचओ सोनमदीप कौर ने बताया कि मृतक महिला के पति राकेश कुमार की शिकायत पर आरोपी हरनेक सिंह पुत्र पियारा सिंह वासी सिधवां दोना के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की तलाश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page