चंडीगढ़ से सटे पंजाब के मोहाली में पुलिस के इंटेलिजेंस मुख्यालय पर हुए RPG अटैक का मास्टरमाइंड लखबीर सिंह लंडा को भारत सरकार ने आतंकवादी घोषित कर दिया है। उस पर तरनतारन में भी थाने पर अटैक करने का आरोप है। वह अभी कनाडा में बैठकर भारत के खिलाफ गतिविधियां चलता रहता है। वह प्रतिबंधित आतंकी संगठन बब्बर खालसा से संबंध रखता है। नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (NIA) की तरफ से उसके खिलाफ कई मुकदमे दर्ज किए हुए हैं। अब भारत सरकार के गृह मंत्रालय ने उसे आतंकवादी घोषित कर दिया है।
भारत सरकार अब उसे कनाडा से प्रत्यर्पण कर भारत लाने की कोशिश करेगी। लखबीर सिंह लंड़ा पर RPG अटैक के अलावा पंजाब में आतंकवादी गतिविधियों को अंजाम देने के लिए सीमा पार से आईडी, हथियार और विस्फोटकों की सप्लाई करने के आरोप हैं। साथ ही इस पर अलग-अलग आपराधिक मामलों में भी शामिल होने के आरोप है। यह आतंकी मॉड्यूल को खड़ा करना, जबरन वसूली, हत्या, हथियारों और नशीले पदार्थों की तस्करी जैसे कई मामलों में शामिल है।
