• Fri. Feb 6th, 2026

पंजाब से बड़ी खबरः पैट्रोल पंप पर मामूली विवाद को लेकर चली गोली, CCTV आई सामने

ByPunjab Khabar Live

Jan 3, 2024

पंजाब के फरीदकोट जिले के औलख गांव में फरीद किसान सेवा केंद्र पेट्रोल पंप पर पेट्रोल डलवाने आए युवक से पेट्रोल पंप मालिक की बहस हो गई। मामला इतना बढ़ गया कि पेट्रोल पंप मालिक ने अपनी लाइसेंसी 32 बोर रिवॉल्वर से गोली चला दी। जिससे अमरेंद्र सिंह नाम के युवक के पैर में गोली लग गई, जिसे इलाज के लिए फरीदकोट के जीजीएस मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस संबंध में जानकारी देते हुए पीड़ित युवक के परिजनों ने बताया कि उन्हें कल गेहूं में स्प्रे करना था और उनके लड़के स्प्रे पंप के लिए औलख गांव के पेट्रोल पंप से पेट्रोल लेने आये थे। जहां पेट्रोल रेट को लेकर उनकी पंप कर्मियों से बहस हो गई, इसी दौरान पंप मालिक ने उनके लड़कों पर गोली चला दी।

उन्होंने बताया कि पंप मालिक की ओर से करीब 5 गोलियां चलाई गईं, जिससे उनके बेटे अमरेंद्र सिंह के पैर में गोली लगी। उन्होंने बताया कि गोली लगने के बाद गिरे युवक के सिर पर पाइप और पिस्तौल की बट से वार किया गया। उन्होंने कहा कि पंप मालिक ने उनके लड़कों को जान से मारने की कोशिश की है और उसके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए और हमें न्याय मिलना चाहिए। इस मौके पर बात करते हुए जांच अधिकारी ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि गांव औलख के पेट्रोल पंप पर गोली चली है। उन्होंने कहा कि हम मौके पर पहुंचे और पाया कि पास के गांव घानीवाला के एक युवक अमरेंद्र सिंह के पैर में गोली लगी है। जिसे इलाज के लिए फरीदकोट के जीजीएस मेडिकल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने कहा कि घायल युवक का बयान दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जायेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page