अमृतसर में सरकारी स्कूल के छात्र की ठंड के कारण मौत हो गई। छात्र को ठंड के कारण बुखार आया था। डॉक्टरों के मुताबिक छात्र के दिमाग में बुखार के कारण सूजन आ गई थी। वह 2 बहनों का इकलौता भाई था।
छात्र की पहचान प्रदीप सिंह निवासी अजनाला (अमृतसर) के गांव वरीआह के रूप में हुई है। वह गांव के ही सरकारी एलिमेंट्री स्कूल में चौथी क्लास में पढ़ता था। वहीं दूसरी तरफ शिक्षा मंत्री हरजोत बैंस सर्दी के चलते छुट्टियां बढ़ाने में असमर्थता जाहिर कर चुके हैं।
7 साल के प्रदीप कुमार को 31 दिसंबर को बुखार चढ़ गया था। जिसके बाद उसे अजनाला अस्पताल लाया गया, लेकिन यहां से उसे अमृतसर रेफर किया गया था। 3 दिन तक अलग-अलग अस्पतालों में भटकने के बाद परिवार बच्चे को घर वापस ले आया। इसी दौरान बच्चे की मौत हो गई।
