जालंधर-लुधियाना हाईवे पर बीती रात गोराया के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में 2 युवकों की मौत हो गई। एक तेज रफ्तार मर्सिडीज कार ने बाइक सवार दो युवकों को पहले पीछे से टक्कर मारी थी। इसके बाद उनको घसीटते हुए ले गई। इससे बाइक को भी आग लग गई। दोनों के शरीर बाइक की आग की चपेट में आने से काफी जल गए थे। मृतकों की रात को पहचान नहीं हो सकी थी।
मिली जानकारी के अनुसार ये हादसा गोराया की अट्टा नहर के पास हुआ है। हादसा फिल्लौर के गांव अशाहूर रहने वाले विक्की के सामने ही हुआ था। उसने पुलिस को बताया कि हादसे के वक्त वह बाइक पर पीछे ही आ रहा था। दोनों युवक कुछ दूर पहले ही एक पैलेस से निकले थे। मर्सिडीज कार काफी तेज रफ्तार में थी, जिसके चलते ये हादसा हुआ। विक्की ने पुलिस को बताया कि टक्कर इतनी जोरदार थी कि उक्त कार सवार दोनों युवकों को बाइक के साथ करीब 40 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया था। इतना ज्यादा घसीटने के बाद दोनों में इतनी हिम्मत ही नहीं बची थी कि वह बाइक से अलग हो जाते। देखते ही देखते उनकी बाइक आग लग गई थी। इसके बाद कार सवार दोनों को बचाने के बजाय मौके से भाग गया। उसने दोनों को किसी तरह आग से अलग भी किया। हादसे की जानकारी पुलिस को दी।
क्राइम सीन पर देर रात जांच के लिए थाना गोराया के एसएचओ सुखदेव सिंह और जांच अधिकारी हरभजन सिंह गिल पहुंच गए थे। पुलिस ने मौके से आरोपी की कार और बाइक का बचा हुआ ढ़ांचा अपने कब्जे में ले लिया था। वहीं, दोनों मृतकों के शवों को पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के मुताबिक दोनों युवकों की मौत मौके पर ही हो चुकी थी। पुलिस आज दोनों मृतकों की पहचान करने के लिए फोटो सर्कुलेट करेगी। वहीं, कार की डिटेल भी पुलिस आज निकलवाकर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज करेगी।
