• Thu. Feb 5th, 2026

पंजाब : NRI महिला की मौत की सुलझी गुत्थी, सास-ससुर ने ही दिया था वारदात को अंजाम

ByPunjab Khabar Live

Jan 28, 2024

 

सुल्तानपुर लोधी में लोहड़ी से एक दिन पहले भारत आई अमेरिका सिटीजन महिला की मौत की गुत्थी सुलझ गई है। सास-ससुर ने ही अपनी बहू की गला घोंटकर हत्या की थी। थाना सुल्तानपुर लोधी की पुलिस ने मृतका के सास-ससुर व पति पर कत्ल व अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज कर सास-ससुर को गिरफ्तार कर लिया है। मृतका का पति इस समय अमेरिका में है।

थाना सुल्तानपुर लोधी की पुलिस को दी शिकायत में निर्मल कौर पत्नी जरनैल सिंह ने बताया कि वह गांव मोखेवाल थाना बिलगा जिला जालंधर की रहने वाली है। अब यूके में रहती है। उसकी बेटी राजदीप कौर की शादी मनजिंदर सिंह निवासी गांव नानो मल्लियां थाना सुल्तानपुर लोधी के साथ नौ साल पहले हुई थी। उसकी लड़की व दामाद अमेरिका में रहते हैं और इन दोनों एक पांच साल का बच्चा भी है, जोकि अमेरिका में इनके साथ ही रहता है। निर्मल कौर की ओर से शिकायत में बताए अनुसार 19 जनवरी को उसके दामाद मनजिंदर सिंह का उसे फोन आया कि राजदीप कौर बातचीत नहीं कर रही है। इसलिए उसे इलाज के लिए अस्पताल लेकर गए हैं। उसने बताया कि उसकी बेटी राजदीप कौर 12 जनवरी को ससुराल परिवार में एक विवाह समारोह में शरीक होने के लिए अपने पांच साल के बच्चे के साथ भारत आई थी। उसने आरोप लगाया कि ससुराल परिवार ने मिलीभगत से उसे अमेरिका से भारत बुलाया था। जबकि भारत में ससुराल परिवार में कोई विवाह कार्यक्रम नहीं था। उसके दामाद, सास व ससुर ने योजना के तहत मिलीभगत से उसे भारत बुलाया और उसकी बेटी को अस्पताल में दाखिल भी नहीं करवाया।

जब उसने बेटी के ससुराल परिवार गांव नानो मल्लियां जाकर देखा तो उसकी लड़की की मौत हो चुकी थी। जब उसने अपनी बेटी राजदीप के मौत के बारे में पूछा तो ससुराल परिवार मौत के बारे में अलग-अलग बातें कर रहे थे। जिससे मुझे उनकी बातों पर शक होने लगा। उसने आरोप लगाया कि उसकी बेटी राजदीप कौर की मौत मिलीभगत से की गई है। इन उक्त लोगों ने अपनी मर्जी से उसकी बेटी का पोस्टमार्टम करवाया है। जिससे वह बिल्कुल सहमत नहीं हैं। निर्मल कौर ने पुलिस से गुहार लगाई है कि उसकी बेटी का बच्चा, डाक्यूमेंट और उसका फोन दिलाया जाए।

अब जब पोस्टमार्टम हो चुका है तो ससुराल परिवार को राजदीप कौर का शव न दिया जाए और इनके खिलाफ बनती कार्रवाई की जाए। मृतका की मां निर्मल कौर ने आरोप लगाया था कि उसकी बेटी को साजिशन भारत बुलाकर उसके पति, ससुर जगदेव सिंह व सास बलजीत कौर ने हत्या की है। इस मामले की जांच के बाद थाना सुल्तानपुर लोधी की पुलिस ने मृतका के पति मनजिंदर सिंह और सास-ससुर के खिलाफ कत्ल समेत विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर सास-ससुर को गिरफ्तार कर लिया है।

डीएसपी सुल्तानपुर लोधी बबनदीप सिंह ने बताया कि सास-ससुर ने ही राजदीप कौर की गला घोंटकर हत्या की थी। दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। अदालत में पेश करके रिमांड हासिल करेंगे। हत्या की वजह जानने के लिए पुलिस जांच को आगे बढ़ा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page