रविंद्र जडेजा के पिता अनिरुद्धसिंह जडेजा ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। उन्होंने खुलासा किया है कि उनका बेटे और बहू रीवाबा जडेजा के साथ कोई संबंध नहीं है। अनिरुद्धसिंह ने कहा कि रविंद्र जडेजा और रिवाबा की शादी के कुछ ही महीने बाद ही उनके परिवार में समस्याएं शुरू हो गईं। भारतीय टीम के स्टार ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा के पिता अनिरुद्धसिंह जडेजा ने अपने बेटे और बहू के साथ के रिश्ते पर चौंकाने वाला खुलासा किया है। उनका आरोप है कि रिवाबा के चलते उनके परिवार में दरार पैदा हो गई है। अनिरुद्धसिंह ने कहा कि एक शहर में ही रहने के बावजूद उन्हें अपने बेटे से मिलने का मौका नहीं मिलता है।
अनिरुद्धसिंह ने दावा किया कि रिवाबा एक स्वतंत्र जीवन चाहती थीं और जडेजा की सारी संपत्ति उनके नाम पर स्थानातरित कर दी गई थी। जडेजा के पिता ने दावा किया उनके बेटे के ऊपर उसके ससुराल वालों का पूरा नियंत्रण है। रवि के क्रिकेटर बनने के बारे में उनके पिता कहते हैं कि बहुत मेहनत कर मैंने बच्चों को पाला है, घर की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं थी, चौकीदारी कर घर चलाता था। रवि के पिता उन्हें आर्मी अफसर बनाना चाहते थे और रवि खुद भी आर्मी में ही जाना चाहते थे लेकिन मां की इच्छा पूरी करने वे क्रिकेटर बने।

दूसरी ओर इस बारे में रविंद्र जडेजा ने अपने सोशल मीडिया आकउंट से एक पोस्ट शेयर किया है जो कि गुजराती भाषा में लिखा है। इसमें उन्होंने अपनी पत्नी की छवि खराब न करने की अपील करते हुए लिखा है कि ”इस अविश्वसनीय इंटरव्यू में बताई गई बातें निरर्थक और झूठी हैं। ये एकतरफा हैं, जिनका मैं खंडन करता हूं। यह निंदनीय है। मुझे भी बहुत कुछ कहना है, लेकिन बेहतर होगा कि मैं उन बातों को सार्वजनिक तौर पर उजागर न करूं।”
