• Thu. Feb 5th, 2026

अभी अभी बड़ी खबरः भाजपा अकाली गठबंधन को लेकर गृह मंत्री अमित शाह ने किया खुलासा

ByPunjab Khabar Live

Feb 10, 2024

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा को 370 सीटें और NDA को 400 से अधिक सीटें मिलेंगी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लगातार तीसरी बार सरकार बनेगी। एक टीवी कार्यक्रम के दौरान अमित शाह ने कहा, ‘हमने (संविधान के अनुच्छेद 370 को, जो जम्मू-कश्मीर को विशेष दर्जा देता था) निरस्त कर दिया है। इसलिए हमारा मानना है कि देश की जनता भाजपा को 370 सीटों और एनडीए को 400 से अधिक सीटों का आशीर्वाद देगी।’

शिरोमणि अकाली दल के साथ गठबंधन की चर्चा पर शाह ने कहा, ‘बातचीत चल रही है लेकिन कुछ भी तय नहीं हुआ है।’ शाह ने कहा कि 2024 का चुनाव एनडीए और INDIA के विपक्षी गुट के बीच नहीं, बल्कि विकास और महज नारे देने वालों के बीच का चुनाव होगा। कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि नेहरू-गांधी परिवार को इस तरह की यात्रा करने का कोई अधिकार नहीं है क्योंकि उनकी पार्टी 1947 में देश के विभाजन के लिए जिम्मेदार थी।

नागरिकता (संशोधन) अधिनियम (सीएए) पर, शाह ने कहा कि 2019 में कानून पारित हुआ था। इस संबंध में नियम जारी करने के बाद लोकसभा चुनाव से पहले लागू किया जाएगा। शाह ने कहा, ‘सीएए देश का कानून है, इसका नोटिफिकेशन निश्चित रूप से हो जाएगा। चुनाव से पहले ही सीएए को अमल में आना है इसमें किसी को कंफ्यूजन नहीं रखना है।’ उन्होंने कहा, ‘CAA के खिलाफ हमारे मुस्लिम भाइयों को गुमराह किया जा रहा है और भड़काया जा रहा है। सीएए केवल उन लोगों को नागरिकता देने के लिए है जो पाकिस्तान, अफगानिस्तान और बांग्लादेश में उत्पीड़न का सामना करने के बाद भारत आए हैं। यह किसी की भारतीय नागरिकता छीनने के लिए नहीं है।’

समान नागरिक संहिता (UCC) पर शाह ने कहा कि यह एक संवैधानिक एजेंडा है, जिस पर देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू और अन्य ने हस्ताक्षर किए हैं। उन्होंने कहा, “लेकिन कांग्रेस ने तुष्टिकरण के कारण इसे नजरअंदाज कर दिया था। उत्तराखंड में यूसीसी को लागू करना एक सामाजिक बदलाव है। इस पर सभी मंचों पर चर्चा की जाएगी और कानूनी राय ली जाएगी। एक धर्मनिरपेक्ष देश में धर्म आधारित नागरिक संहिता नहीं हो सकती है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page