• Mon. Mar 23rd, 2026

जालंधर से बड़ी खबर: गैंगस्टर दलजीत सिंह भाना की पेरोल रद्द

ByPunjab Khabar Live

Jul 8, 2024

जालंधर उपचुनाव की 10 जुलाई को होने वाली वोटिंग से पहले भारतीय जनता पार्टी ने आम आदमी पार्टी के खिलाफ चुनाव आयोग को शिकायत भेजी थी। शिकायत में कहा गया था कि कुख्यात गैंगस्टर दलजीत सिंह भाना आम आदमी पार्टी के लिए प्रचार कर रहा है। ऐसे में चुनाव आयोग की ओर से उक्त शिकायत पर कार्रवाई की गई है।

चुनाव आयोग ने जालंधर पश्चिम उपचुनाव के मद्देनजर चुनाव प्रक्रिया पूरी होने तक दलजीत सिंह भाना की पैरोल रद्द करने के निर्देश दिए हैं। कांग्रेस ने भी भाना की पैरोल रद्द करने के लिए आयोग में शिकायत दर्ज कराई थी। पंजाब के मुख्य चुनाव अधिकारी ने जालंधर के डिप्टी कमिश्नर को चुनाव आयोग के निर्देशों से अवगत करा दिया है। चुनाव आयोग ने चुनाव प्रक्रिया को सुचारू रूप से चलाने और प्राप्त शिकायतों के मद्देनजर जालंधर पश्चिम उपचुनाव की प्रक्रिया पूरी होने तक दलजीत सिंह भाना की पैरोल रद्द करने के निर्देश दिए हैं।

वह कई हत्या के मामलों में जेल में बंद था, पैरोल मिलने के बाद अब वह आम आदमी पार्टी के लिए प्रचार कर रहा है। भाजपा ने शिकायत में आरोप लगाया था कि भाना मतदाताओं को धमका भी रहे हैं, जिससे विभिन्न पार्टियों को नुकसान हो रहा है। भाजपा की शिकायत के अनुसार, कई हत्या के मामलों में शामिल भाना पुलिस सुरक्षा के साथ इलाके में खुलेआम घूम रहा है। जिससे मतदाताओं में व्यापक दहशत है। उनका तर्क है कि यह कार्रवाई आदर्श आचार संहिता (एमसीसी) के दिशा-निर्देशों का उल्लंघन है।

भाजपा ने चिंता जताई कि भाना की रिहाई से मतदान के दिन बूथ कैप्चरिंग हो सकती है। पार्टी ने चुनाव आयोग से भाना की पैरोल रद्द करने और निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया सुनिश्चित करने के लिए तत्काल कार्रवाई की मांग की थी। आपको बता दें कि इससे पहले जालंधर से मौजूदा सांसद और पूर्व सीएम चरणजीत सिंह चन्नी ने भी मीडिया के सामने भाना का मुद्दा उठाया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page