जालंधर में पुलिस ने फर्जी CBI अधिकारी बनकर घूम रहे युवक को गिरफ्तार किया है। युवक के कब्जे से CBI का फर्जी आई-कार्ड भी बरामद हुआ है। पुलिस ने युवक से पूछताछ शुरू कर दी है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि युवक आई-कार्ड कहां से बनवाया था। पुलिस के अनुसार, युवक मिलाप चौक के पास मोबाइल शॉप पर फोन रिपेयर कराने के लिए आया था। आरोप है कि इस दौरान उसने दुकान में बैठी एक युवती के साथ छेड़छाड़ की। जब वहां मौजूद दुकान मालिक ने युवक का विरोध किया तो युवक ने खुद को CBI अधिकारी बताया।
इसके बाद भी विवाद थमा नहीं। युवक ने जेब से वॉकी-टॉकी और CBI का फर्जी आई-कार्ड निकालकर सामने रख दिया। आई-कार्ड पर युवक की पहचान कपूरथला के लखन का पड्डा निवासी मंजसप्रीत सिंह के तौर पर लिखी हुई थी। आई-कार्ड देखकर दुकानदार को युवक पर शक हो गया। इसके बाद दुकानदार ने तुरंत थाना डिवीजन नंबर-4 पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर युवक को हिरासत में ले लिया।
युवक का कार्ड मंजसप्रीत सिंह के नाम से था। उस पर स्पेशल ऑफिसर रैंक लिखा था। जिसका एजेंट कोड HQ21297/5495 था। उक्त कार्ड पर जारीकर्ता का नाम भी मुहर लगा हुआ था और हस्ताक्षर भी थे। कार्ड पर जारीकर्ता का नाम जीके वर्मा लिखा हुआ था। कार्ड पर लगी फोटो में युवक के बाल छोटे थे और जब उसे हिरासत में लिया गया तो उसने पगड़ी पहन रखी थी। पुलिस के आने के बाद युवक माफी मांगने लगा। उसने कहा कि वह आज के बाद किसी महिला या लड़की के साथ छेड़छाड़ नहीं करेगा। साथ ही फर्जी आई-कार्ड के जरिए किसी को नहीं डराएगा।
थाना डिवीजन नंबर-4 के SHO हरदेव सिंह ने कहा कि उक्त युवक को हिरासत में जरूर लिया गया है, लेकिन फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। इसमें केंद्रीय एजेंसी का नाम है। ऐसे में जांच के बाद ही कुछ कहा जा सकता है। फिलहाल गलती किसकी है, यह तो जांच के बाद ही पता चलेगा। मामले को उच्चाधिकारियों को अवगत करा दिया गया है।
