• Mon. Mar 23rd, 2026

जालंधर से बड़ी खबर : श्री रविदास विश्व महापीठ के अंतरराष्ट्रीय कार्यवाहक अध्यक्ष बने विजय सांपला

ByPunjab Khabar Live

Jul 19, 2024

अनुसूचित जाति आयोग के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व केन्द्रीय मंत्री विजय सांपला को श्री गुरु रविदास विश्व महापीठ का कार्यवाहक अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इस नई जिम्मेदारी को स्वीकार करते हुए सांपला ने कहा कि वे इस पद को बड़े सम्मान और गर्व के साथ संभालेंगे। उन्होंने गुरु रविदास जी के आदर्शों को विश्वभर में फैलाने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई और महापीठ के उद्देश्यों को पूरा करने के लिए हरसंभव प्रयास करने का संकल्प लिया। उनका लक्ष्य समाज में समानता, न्याय और भाईचारे को बढ़ावा देना रहेगा।

नई कार्यकारिणी में अंतराष्ट्रीय अध्यक्ष के तौर पर पूर्व राज्यसभा सदस्य दुष्यंत कुमार गौतम, अंतराष्ट्रीय उपाध्यक्ष केंद्रीय राज्यमंत्री डा. एल मुरूगन और उत्तराखंड के पूर्व विधायक सुरेश राठौड़ को राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया गया है। रविदास विश्व महापीठ का मुख्य उदेश्य गुरू रविदास के संदेशों को प्रचार प्रसार करना और देश में तेज से बढ़ते धर्म परिवर्तन को रोककर अपने हिंदू समाज को एकजुट रखना है।

श्री रविदास विश्व महापीठ के महामंत्री संगठन सूरज भान कटारिया ने कहा कि विजय सांपला इससे पहले अनुसूचित जाति आयोग के राष्ट्रीय अध्यक्ष रह चुके हैं, इस दौरान सामाज के प्रति उनकी निष्ठा और स्वीकार्य को देखकर उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है। हमें पूरा भरोसा है कि धर्म परिवर्तन के खिलाफ सांपला जी मजबूत आवाज बनेंगे। विजय सांपला का राजनीतिक जीवन काफी प्रेरणादायक रहा है। 6 अप्रैल 1961 को एक साधारण गरीब परिवार में पैदा हुए सांपला का प्रारंभिक जीवन संघर्षों से भरा रहा।

जालंधर के निकट सोफी पिंड के सरपंच बनने से सांपला का राजनीतिक जीवन शुरु हुआ। उस उपरांत भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सदस्य बन अपनी अगली राजनीतिक यात्रा शुरू की। वे भाजपा में कई महत्वपूर्ण पदों पर रहे हैं और पार्टी के लिए मेहनत और समर्पण के साथ काम किया है। 2014 के लोकसभा चुनाव में उन्होंने होशियारपुर निर्वाचन क्षेत्र से जीत हासिल की और सांसद बने।

उन्होंने केंद्र सरकार में सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय में राज्य मंत्री के रूप में भी सेवा की, जहां उन्होंने अनुसूचित जातियों और पिछड़े वर्गों के उत्थान के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए। उनके कार्यकाल में उन्होंने सामाजिक न्याय, शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण योजनाओं और नीतियों को लागू करने में योगदान दिया।

सांपला के नेतृत्व और संगठन संभालने की क्षमता भी प्रशंसनीय है। वे पंजाब भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भी रह चुके हैं, जहाँ उन्होंने पार्टी को मजबूत बनाने और जनता से जुड़ाव बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनकी पंजाब में मजबूत पैठ है, जो उनके संगठनात्मक कौशल और नेतृत्व क्षमता का प्रमाण है।

विजय सांपला की सफलता उनकी कड़ी मेहनत, दृढ़ संकल्प और नेतृत्व क्षमता का परिणाम है। उनके नेतृत्व में श्री गुरु रविदास विश्व महापीठ को नई ऊँचाइयों पर ले जाने की उम्मीद है। उनका समर्पण और सेवा भाव समाज के सभी वर्गों के लिए प्रेरणादायक है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page