• Thu. Feb 5th, 2026

जालंधर : भारतीय हॉकी टीम की एशिया कप में जीत पर नितिन कोहली ने दी बधाई दी

ByPunjab Khabar Live

Sep 8, 2025

जालंधर: हॉकी पंजाब अध्यक्ष और हॉकी इंडिया के उपाध्यक्ष नितिन कोहली ने भारतीय पुरुष हॉकी टीम को एशिया कप 2025 में शानदार जीत के लिए दिल से बधाई दी। उन्होंने ज़ोर देकर कहा कि इस ऐतिहासिक जीत में पंजाब का योगदान निर्णायक रहा, क्योंकि 18 सदस्यीय टीम में से 9 खिलाड़ी पंजाब से हैं। यह पंजाब की भारतीय हॉकी में लगातार बनी हुई मजबूत पकड़ को दर्शाता है।

नितिन कोहली ने कहा कि पुरे हॉकी परिवार को बधाई, खासकर हॉकी पंजाब को। भारतीय हॉकी टीम जिसने विश्व कप के लिए भी क्वालीफाई किया है, उसमें पंजाब के 9 खिलाड़ी शामिल हैं। इनमें से 4 खिलाड़ी जालंधर से हैं। मैं जालंधर की जनता को बधाई देता हूँ। मैं इस एशिया कप जीत को पंजाब को समर्पित करता हूँ, जो इस समय कठिन दौर (पंजाब बाढ़) से गुजर रहा है। खिलाड़ियों के साथ-साथ हम ज़रूर उन बाढ़ पीड़ित परिवारों के लिए कुछ करेंगे जिन्होंने अपने परिजनों को खोया है।

उन्होंने आगे कहा कि आने वाले दिन भारतीय हॉकी के लिए उज्ज्वल नज़र आ रहे हैं। हमने (हॉकी पंजाब ने) राउंडग्लास के साथ करार किया है, जो पंजाब में हॉकी के विकास के लिए 2500 करोड़ रुपये का निवेश कर रहा है। अगले 10 सालों तक हॉकी पंजाब और राउंडग्लास मिलकर हॉकी को पंजाब में आगे बढ़ाने के लिए काम करेंगे। हॉकी पंजाब के अध्यक्ष और हॉकी इंडिया के उपाध्यक्ष के रूप में नितिन कोहली ने राज्य में हॉकी के पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाई है।

उनके नेतृत्व में पंजाब में नए ट्रेनिंग कैंप, आधुनिक सुविधाएं और जमीनी स्तर पर कार्यक्रम शुरू हुए हैं, जिनका उद्देश्य युवा प्रतिभाओं की खोज और उन्हें निखारना है। उनकी पहल से कई खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुँचने का अवसर मिला है। कोहली ने कहा कि यह जीत सिर्फ खिलाड़ियों की मेहनत का परिणाम नहीं है बल्कि यह उस सिस्टम और संस्कृति का नतीजा है जिसे पंजाब ने वर्षों से बनाया है। पंजाब ने एक बार फिर साबित किया है कि वह भारतीय हॉकी की असली नर्सरी है।

भारत की इस ऐतिहासिक सफलता में पंजाब के जिन 9 खिलाड़ियों ने अहम भूमिका निभाई उनमें कप्तान हरमनप्रीत सिंह, मनप्रीत सिंह, मंदीप सिंह, दिलप्रीत सिंह, सुखजीत सिंह, जुगराज सिंह, जरमनप्रीत सिंह, हार्दिक सिंह और गोलकीपर कृष्ण बहादुर पाठक शामिल हैं। इन सभी के शानदार प्रदर्शन ने भारत की एशिया कप जीत की नींव रखी।

हॉकी पंजाब और हॉकी इंडिया की ओर से नितिन कोहली ने सभी खिलाड़ियों, कोचों और स्पोर्ट स्टाफ को बधाई दी और विश्वास जताया कि यह जीत देशभर के हजारों युवाओं को प्रेरित करेगी, खासकर पंजाब के ग्रामीण इलाकों में। उन्होंने कहा कि यह गर्व की बात है कि भारत की विजेता टीम में पंजाब ने 9 खिलाड़ियों का योगदान दिया है। यह स्वर्णिम उपलब्धि हमारी अगली पीढ़ी को हॉकी अपनाने और देश का नाम रोशन करने की प्रेरणा देगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page