जालंधर में एक कबाड़ गोदाम में ब्लास्ट हो गया। धमाके में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हैं। धमाके से आसपास के घरों की खिड़कियों के शीशे टूट गए। लोगों ने कहा कि 1KM तक धमाके की आवाज सुनाई दी। घटना के बाद थाना-8 की पुलिस मौके पर पहुंच गई है। ब्लास्ट किस चीज में हुआ है, इसकी जांच की जा रही है। मृतक की पहचान संतोखपुरा निवासी शिव मंगल के रूप में हुई है।
संतोखपुरा में हुए ब्लास्ट के बाद स्थानीय लोगों का दावा है कि ब्लास्ट सिलेंडर में हुआ है, जबकि कुछ लोगों का कहना है कि कबाड़ का गोदाम होने के कारण यहां कोई ग्रेनेड हो सकता है, जिसमें ब्लास्ट हुआ हो। लोगों का कहना है कि धमाके का आवाज 1 किलोमीटर तक सुनाई दी। इसकी सूचना मिलते ही थाना 8 की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
घायलों को सिविल अस्पताल पहुंचाया गया है। लोगों का कहना है कि धमाका इतना जबरदस्त था कि इससे पास के घरों की दीवारें तक हिल गईं। थाना-8 प्रभारी सहित अन्य भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
