• Sat. Sep 12th, 2026

Punjab Khabar Live

Latest Hindi News Portal, हिंदी समाचार पोर्टल

जालंधर की धरती से पीएम मोदी ने किया बड़ा ऐलान : अब यूरोप के बाजारों में बिकेंगे पंजाब के कपड़े, बजट पर कही ये बात

श्री गुरु रविदास जयंती के पावन पर्व पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज जालंधर पहुंचे, जहां उन्होंने डेरा सच्चखंड बल्लां में नतमस्तक होकर अपनी श्रद्धा अर्पित की। प्रधानमंत्री ने डेरा प्रमुख संत निरंजन दास जी से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लिया और समाज के प्रति उनके योगदान की सराहना की।

पीएम मोदी ने डेरा परिसर में उपस्थित श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए अपने भाषण की शुरुआत पंजाबी भाषा में की, जिससे वहां मौजूद लोगों में भारी उत्साह देखा गया। उन्होंने पंजाब की धरती को नमन करते हुए कहा कि इस पावन दिन पर गुरु रविदास जी के चरणों में आने का सौभाग्य मिलना उनके लिए गर्व की बात है।

आदमपुर एयरपोर्ट का नाम बदला और नई सौगातें
प्रधानमंत्री ने एक ऐतिहासिक घोषणा करते हुए आदमपुर एयरपोर्ट का नाम बदलकर ‘श्री गुरु रविदास जी एयरपोर्ट’ रखने का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि उनका नाता श्री गुरु रविदास जी की जन्मभूमि काशी से है और वे उनके आदर्शों पर चलने का प्रयास कर रहे हैं। इससे पहले पीएम मोदी ने आदमपुर एयरपोर्ट से ही हलवारा एयरपोर्ट का वर्चुअल उद्घाटन किया और इसकी नई टर्मिनल बिल्डिंग को जनता को समर्पित किया। उन्होंने गुरु रविदास जी के ‘एक कुम्हार’ वाले संदेश का जिक्र करते हुए समाज को एकजुट रहने का आह्वान किया।

बजट में पंजाब के उद्योगों के लिए खास रोडमैप
अपने संबोधन के दौरान प्रधानमंत्री ने केंद्र सरकार के बजट का उल्लेख करते हुए बताया कि इसमें पंजाब के विकास, विशेषकर जालंधर और होशियारपुर जैसे शहरों पर विशेष फोकस किया गया है। उन्होंने कहा कि पंजाब की पहचान यहां के मेहनती किसानों से है, जिनका देश की खाद्य सुरक्षा में अतुलनीय योगदान है।

पीएम मोदी ने ऐलान किया कि अब पंजाब के टेक्सटाइल सेक्टर को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ावा दिया जाएगा, जिससे यहां का कपड़ा यूरोप के बड़े बाजारों तक पहुंचेगा। साथ ही, उन्होंने जालंधर के विश्व प्रसिद्ध स्पोर्ट्स उद्योग को और मजबूती देने के लिए बजट में विशेष प्रावधानों की बात कही।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page