भारत की जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई और पाकिस्तान के कुख्यात गैंगस्टर शहजाद भट्टी के बीच जुबानी जंग अब एक खतरनाक मोड़ पर पहुंच गई है। कुछ दिन पहले लॉरेंस गैंग के रणदीप मलिक ने दावा किया था कि उन्होंने पुर्तगाल में भट्टी को ट्रैक कर उस पर हमला करवाया है। अब शहजाद भट्टी ने एक वीडियो जारी कर इन दावों को नकारते हुए लॉरेंस को खुली चुनौती दी है।
शहजाद भट्टी ने वीडियो में लॉरेंस बिश्नोई को ‘बच्चा’ बताते हुए कहा कि लॉरेंस कभी उसके पास 6 ‘घोड़े’ (हथियार) लेने के लिए मिन्नतें करता था। लॉरेंस मेरे हाथ का लगाया हुआ पौधा है, वह मेरा बाल भी नहीं उखाड़ सकता। उसने लॉरेंस को ऑफर देते हुए तंज कसा कि अगर उसके पास हथियारों की कमी है, तो बता दें, वह दोबारा हथियार भिजवा देगा।
पुर्तगाल में हुए हमले के दावे को खारिज करते हुए भट्टी ने कहा कि वह कभी पुर्तगाल गया ही नहीं। उसने दावा किया कि लॉरेंस गैंग का जो गुर्गा सोशल मीडिया पर पोस्ट डाल रहा था, वह अब डर के मारे रो रहा है। भट्टी ने कहा कि लॉरेंस सिर्फ लोगों के घरों पर गोलियां चलवाकर खुद को डॉन समझ रहा है, जबकि उससे ज्यादा केस तो पाकिस्तान में उसके गनमैनों पर दर्ज हैं।
लॉरेंस को चुनौती देते हुए भट्टी ने कहा कि भारत में उसके 20 से 25 बेहद करीबी गुर्गे मौजूद हैं, जिन्हें लॉरेंस आज तक हाथ नहीं लगा पाया। उसने आरोप लगाया कि लॉरेंस अपने गुर्गों से काम निकलवाने के बाद उनके फोन उठाना बंद कर देता है। भट्टी ने चेतावनी दी कि अगर वह लॉरेंस के लड़कों को वारदात के बाद विदेश पहुंचा सकता है, तो उनके खिलाफ सख्त एक्शन भी ले सकता है।
भट्टी ने लॉरेंस को अपने देश और अपने उसूलों का गद्दार बताया। उसने कहा कि लॉरेंस और उसका भाई अनमोल बिश्नोई उससे इस कदर डरते हैं कि जेल में होने के बावजूद भारी सुरक्षा लेकर बैठे हैं। भट्टी ने दावा किया कि उसके पास लॉरेंस की कई ऑडियो रिकॉर्डिंग्स मौजूद हैं और वह जेल से बाहर आने पर लॉरेंस को असली ‘कार्रवाई’ दिखाएगा।
