कोलकाता से शिलॉन्ग के लिए उड़ान भरने वाली इंडिगो की फ्लाइट में उस समय दहशत फैल गई, जब विमान के टॉयलेट से एक संदिग्ध नोट बरामद हुआ। इस नोट में बम होने की धमकी दी गई थी, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने तुरंत मोर्चा संभाल लिया।
सुबह 9:15 बजे उड़ान भरने के लिए तैयार इस विमान को जैसे ही धमकी भरा संदेश मिला, इसे तुरंत मुख्य रनवे से हटाकर यात्रियों और अन्य विमानों से दूर ‘आइसोलेशन बे’ में ले जाया गया। सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत एयरपोर्ट प्रशासन ने तुरंत विमान को चारों तरफ से घेर लिया और बम निरोधक दस्ते (Bomb Squad) को सूचना दी गई।
अधिकारियों ने पुष्टि की है कि विमान में सवार सभी यात्रियों को सुरक्षित तरीके से नीचे उतार लिया गया है। इंडिगो एयरलाइंस ने एक आधिकारिक बयान जारी कर कहा कि वे सुरक्षा एजेंसियों के साथ पूरा सहयोग कर रहे हैं और यात्रियों की सुरक्षा उनकी प्राथमिकता है। विमान का सारा सामान भी रनवे पर उतार कर डॉग स्क्वॉड की मदद से जांचा जा रहा है।
