जालंधर में संतोखपुरा स्थित डॉक्टर यशपाल के घर पर हुई फायरिंग के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों की पहचान जगजीत सिंह और लवप्रीत सिंह के रूप में हुई है। वहीं एक पिस्तौल 32 बोर की, एक रेंज पिस्टल 30 बोर की और एक मैगज़ीन 30 बोर बरामद की गई है। आरोपियों से घटना में इस्तेमाल की गई स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और घटना के दौरान पहने गए कपड़े बरामद कर लिए गए हैं। पुलिस कमिश्नर धनप्रीत कौर ने इसकी जानकारी दी है।
यह घटना 28 फरवरी की देर रात करीब 1 बजकर 40 मिनट की है। सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, बाइक पर सवार दो युवक डॉक्टर के घर के बाहर पहुंचे। एक आरोपी बाइक से उतरकर पहले घर के बाहर खड़ी कार पर फायरिंग करता है। इसके बाद उसने सीधे डॉक्टर के मकान को निशाना बनाते हुए गोलियां चलाईं।
हमलावरों ने डॉक्टर के घर और कार पर करीब 10 राउंड गोलियां चलाईं। घटना की सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद पुलिस ने आसपास के कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी थी। लगातार जांच और तकनीकी सर्विलांस के आधार पर पुलिस ने देर रात दोनों आरोपियों को दबोच लिया।
