• Sat. Apr 4th, 2026

46 बार चाकू से वार कर की हत्या, अब न्यूज़ीलैंड कोर्ट ने जालंधर के युवक को सुनाई सजा

ByPunjab Khabar Live

Apr 4, 2026

न्यूज़ीलैंड की डनेडिन कोर्ट ने हत्याकांड में जालंधर के युवक रजिंदर सिंह को उम्रकैद की सजा सुनाई है। यह मामला लुधियाना के रहने वाले गुरजीत सिंह की बेरहमी से की गई हत्या से जुड़ा है। 29 जनवरी 2024 की रात रजिंदर, गुरजीत के घर पहुंचा और वहां जमकर मारपीट की।

रजिंदर ने गुरजीत पर चाकू से 46 बार हमला किया। हमले इतने घातक थे कि गुरजीत का सिर धड़ से लगभग अलग होने की स्थिति में आ गया था। इस जघन्य अपराध ने न केवल न्यूज़ीलैंड बल्कि भारत में भी शोक की लहर दौड़ा दी थी।

करीब दो साल तक चली कानूनी प्रक्रिया के बाद आखिरकार पीड़ित परिवार को न्याय मिला है। डनेडिन कोर्ट ने मामले की गंभीरता और क्रूरता को देखते हुए रजिंदर सिंह को उम्रकैद की सजा सुनाई है। अपराधी को किसी भी प्रकार की पैरोल नहीं दी जाएगी, जिसका अर्थ है कि वह ताउम्र सलाखों के पीछे रहेगा।

इसके साथ ही अदालत ने दोषी को पीड़ित परिवार और विधवा महिला को 8 हजार डॉलर का मुआवजा देने का भी आदेश दिया है। गुरजीत के पिता निशान सिंह ने फैसले पर संतोष जताते हुए कहा कि अब उनके इकलौते बेटे की आत्मा को शांति मिलेगी।

27 साल का गुरजीत सिंह अपने माता-पिता का इकलौता सहारा था। उसकी शादी हत्या से महज आठ महीने पहले हुई थी और वह न्यूज़ीलैंड में अपनी नई जिंदगी की नींव रख रहा था। सबसे दुखद पहलू यह है कि गुरजीत की पत्नी अपनी शादी के बाद पहली बार न्यूज़ीलैंड आने वाली थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page