लाहौर में आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े आमिर हमजा पर अज्ञात हमलावरों ने गोलीबारी कर दी। इस हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह हमला लाहौर के एक न्यूज़ चैनल के बाहर हुआ, जहां आमिर हमजा मौजूद थे। इसी दौरान अज्ञात हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। फिलहाल हमलावरों की पहचान और हमले के कारणों को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।
यह पहली बार नहीं है जब आमिर हमजा पर हमला हुआ हो। इससे पहले मई 2025 में उनके घर के बाहर भी अज्ञात हमलावरों ने फायरिंग की थी, जिसमें वह घायल हो गए थे। उस घटना के बाद उनकी सुरक्षा बढ़ा दी गई थी, हालांकि उस मामले में भी कोई ठोस खुलासा नहीं हो पाया था।
ताजा हमले के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है। हमलावरों की तलाश के लिए इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
