स्पेन के कैनरी आइलैंड्स के पास शुक्रवार को एक बड़ा समुद्री हादसा सामने आया, जहां प्रवासियों से भरी एक नाव से 15 लोगों के शव बरामद किए गए। जानकारी के मुताबिक, नाव का इंजन अचानक खराब हो जाने के कारण उसमें सवार करीब 100 लोग तीन दिनों तक बीच समुद्र में फंसे रहे।
स्पेनिश मीडिया की रिपोर्ट्स के अनुसार, तीन दिन तक समुद्र में फंसे रहने के दौरान नाव पर मौजूद खाने-पीने का सारा सामान खत्म हो गया था। ऐसे में अपनी प्यास बुझाने के लिए कुछ लोगों ने मजबूरन समुद्र का खारा पानी पी लिया। खारा पानी पीने से उनके शरीर में तेजी से डिहाइड्रेशन (पानी की कमी) हो गया, जिसके चलते 15 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई।
इस नाव में सवार लोग पश्चिम अफ्रीकी देश गाम्बिया से बेहतर भविष्य की तलाश में यूरोप पहुंचने की कोशिश कर रहे थे। रेस्क्यू के दौरान 6 लोगों की हालत बेहद गंभीर पाई गई, जिन्हें तुरंत हेलिकॉप्टर की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया है। नाव में मौजूद अन्य सभी बचे हुए यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है।
स्पेन की समुद्री बचाव टीम (मैरीटाइम रेस्क्यू) को यह नाव कैनरी आइलैंड के एल हिएरो द्वीप से लगभग 72 किलोमीटर दक्षिण में मिली थी। रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद इस नाव को खींचकर ला एस्टाका बंदरगाह लाया गया। दूसरी ओर, सुरक्षित बचाए गए प्रवासियों को एक अन्य नाव के जरिए एल हिएरो द्वीप के ला रेस्टिंगा बंदरगाह ले जाया गया है, जहां प्रशासन ने उनके ठहरने और मेडिकल इलाज के लिए विशेष सेंटर तैयार किया है।
