जालंधर के बूटा मंडी इलाके में दिनदहाड़े एक व्यक्ति की छुरी मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान सतपाल के रूप में हुई है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। मृतक के परिजनों ने हमलावरों की पहचान अजय क्लेर और अमरजीत क्लेर के तौर पर की है।
मृतक के बेटे रोहन प्रीत ने बताया कि वह अपने पिता सतपाल के साथ एक्टिवा पर सवार होकर घर जा रहा था। रास्ते में जैसे ही उन्होंने यू-टर्न लिया, वहां मौजूद अजय ने अचानक उसके पिता पर तेजधार हथियार से हमला कर दिया। रोहन प्रीत के मुताबिक, उसने मदद के लिए काफी शोर मचाया, लेकिन कोई आगे नहीं आया। हमलावर ने सतपाल की गर्दन समेत शरीर के कई हिस्सों पर ताबड़तोड़ वार किए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। बेटे का कहना है कि उनके पिता की अजय के साथ कोई पुरानी रंजिश नहीं थी। आरोपी बूटा मंडी में ही वेल्डिंग का काम करता है।
परिजनों के एक जानकार ने बताया कि इससे पहले उनके साढ़ू के बेटे पर भी तीखी चीज से हमला किया गया था, जिसमें उसके गले में गंभीर चोट आई थी। निजी अस्पताल में कराए गए सीटी स्कैन में सामने आया कि उसकी सांस की नली को नुकसान पहुंचा है, जिसके बाद डॉक्टरों ने हालत नाजुक देखते हुए उसे दूसरे अस्पताल रेफर कर दिया। इसी घटना के सिलसिले में सतपाल घर जा रहे थे, तभी रास्ते में अजय ने उन पर भी छुरी से हमला कर दिया।
परिजनों और स्थानीय लोगों का आरोप है कि मुख्य आरोपी अजय नशे का आदी है और इससे पहले भी कई लोगों पर हमले कर चुका है। लोगों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि ऐसे खतरनाक व्यक्ति के खिलाफ पहले सख्त कार्रवाई क्यों नहीं की गई। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि सूचना देने के बावजूद थाना 6 की पुलिस घटनास्थल पर देरी से पहुंची।
थाना 6 के प्रभारी रवि ने बताया कि पुलिस ने मौके से वारदात में इस्तेमाल की गई छुरी बरामद कर ली है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम और आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मृतक के बेटे के बयानों के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
