चंडीगढ़ शहर में बुधवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब पुलिस और हरियाणा के कुख्यात गैंगस्टर मुकेश गोलू के बीच मुठभेड़ हो गई। यह एनकाउंटर सेक्टर-25 स्थित रैली ग्राउंड के पास सुबह करीब 6 बजे हुआ। ऑपरेशन सेल की टीम ने पहले से मिली सूचना के आधार पर इलाके में घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ने की कोशिश की।
पुलिस के मुताबिक, जैसे ही मुकेश गोलू को घेरने की कोशिश की गई, उसने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोलियां चलाईं। दोनों तरफ से करीब 5 राउंड फायरिंग हुई, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गया। इसके बाद पुलिस ने उसे मौके पर ही काबू कर लिया। घटनास्थल से हथियार और गोलियों के खाली खोल भी बरामद किए गए हैं।
घायल गैंगस्टर को तुरंत सेक्टर-16 के अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के बाद पुलिस ने पूरे इलाके को सील कर दिया और फोरेंसिक टीम के साथ जांच शुरू कर दी है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि मुकेश गोलू हरियाणा के गोहाना का रहने वाला है और अवैध हथियारों की सप्लाई में सक्रिय रहा है। वह मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश से हथियार लाकर पंजाब और हरियाणा में सप्लाई करता था। उसके खिलाफ साल 2021 में चंडीगढ़ के मलोया थाने में आर्म्स तस्करी का मामला दर्ज है और वह लंबे समय से वांटेड चल रहा था।
बताया जा रहा है कि आरोपी अपनी बहन के घर सेक्टर-25 में आया हुआ था। इसी सूचना के आधार पर पुलिस ने यह ऑपरेशन चलाया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और जल्द ही और खुलासे होने की संभावना है।
