• Mon. May 11th, 2026

लुधियाना में बेखौफ स्नैचर, महिला से चेन छीनने के बाद फरार

ByPunjab Khabar Live

May 8, 2026

लुधियाना के मॉडल टाउन इलाके में दिनदहाड़े चेन स्नैचिंग की घटना सामने आई है। घर के बाहर सब्जी खरीद रही एक महिला से बाइक सवार बदमाश सोने की चेन छीनकर फरार हो गए। घटना 5 मई की शाम करीब साढ़े 6 बजे की बताई जा रही है। वारदात की सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है, जिसके आधार पर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है।

सामने आई सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि महिला अपने घर के बाहर रेहड़ी वाले से सब्जी खरीद रही थी। इसी दौरान स्पलेंडर बाइक पर सवार 3 युवक वहां पहुंचते हैं। तीनों ने अपने चेहरे कपड़े से ढके हुए थे। महिला के पास पहुंचते ही बाइक पर पीछे बैठे युवक ने झपट्टा मारकर उसकी सोने की चेन छीन ली। घटना के तुरंत बाद महिला बदमाशों का विरोध करती और शोर मचाती दिखाई देती है।

महिला के शोर मचाने के बाद बाइक पर बैठे दो युवक नीचे उतर गए। आरोप है कि उनके हाथ में तेजधार हथियार भी था। दोनों युवक महिला को डराने और मारने के लिए उसकी ओर दौड़े। इसके बाद आरोपी मौके से बाइक पर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में लगातार बढ़ रही स्नैचिंग की घटनाओं से लोग असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।

पीड़ित महिला ने मामले की शिकायत पुलिस को दे दी है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर आरोपियों की पहचान की जा रही है। अधिकारियों के मुताबिक जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page