• Wed. May 13th, 2026

लुधियाना में मोबाइल स्नैचिंग की खौफनाक वारदात, महिला को 200 मीटर तक घसीटा

ByPunjab Khabar Live

May 12, 2026

लुधियाना के कीर्ति नगर इलाके में मोबाइल स्नैचिंग की एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। मामला मोती नगर थाना क्षेत्र का है, जहां घर के बाहर बैठकर फोन पर बात कर रही महिला से बाइक सवार झपटमारों ने मोबाइल छीन लिया। पूरी घटना इलाके में लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई है।

पीड़िता सुशीला के मुताबिक, वह अपने घर के बाहर बैठी अपने पति से फोन पर बात कर रही थीं। इसी दौरान एक युवक उनके पास आया और अशोक नाम के व्यक्ति का पता पूछने लगा। आरोपी ने बातचीत के बहाने महिला का ध्यान भटकाया और अचानक झपट्टा मारकर उनका मोबाइल छीन लिया।

मोबाइल छिनते ही महिला ने हिम्मत दिखाते हुए आरोपी का कॉलर पकड़ लिया। आरोपी अपने दो अन्य साथियों के पास भागा, जो बाइक पर खड़े थे। महिला ने आरोपी को पकड़ने की कोशिश जारी रखी, लेकिन बदमाश बाइक की रफ्तार बढ़ाकर भागने लगे।बेखौफ स्नैचरों ने बाइक नहीं रोकी, जिससे महिला करीब 200 मीटर तक सड़क पर घिसटती चली गई। कुछ दूरी पर जाकर वह सड़क पर गिर गई, जबकि आरोपी मौके से फरार हो गए।

घटना की पूरी फुटेज CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। वीडियो में देखा जा सकता है कि महिला आरोपियों को पकड़ने के लिए जान जोखिम में डाल देती है। शोर सुनकर परिवार के सदस्य भी पीछे भागते नजर आए, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page