• Thu. Sep 24th, 2026

Punjab Khabar Live

Latest Hindi News Portal, हिंदी समाचार पोर्टल

सिमरनजीत हत्याकांड में पुलिस ने दबोचे 2 आरोपी, बाकी की तलाश जारी

ByPunjab Khabar Live

Jun 13, 2026

जालंधर के न्यू दशमेश नगर में दो पक्षों के बीच हुए खूनी संघर्ष के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इस गोलीबारी में अमन नगर निवासी सिमरनजीत सिंह की मौत हो गई थी, जबकि सौरभ गंभीर रूप से घायल हो गया था। घायल सौरभ का पटेल अस्पताल में इलाज चल रहा है, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

मामले की जानकारी देते हुए एडीसीपी सिटी-2 राकेश यादव ने बताया कि देर रात न्यू दशमेश नगर में फायरिंग की सूचना मिलने पर थाना भार्गव कैंप के एसएचओ और एसीपी आतिश भाटिया पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान पता चला कि बाइक और एक्टिवा पर सवार 8 से 9 युवकों ने सौरभ पर हमला किया था।

जांच में सामने आया कि एक दिन पहले भी कुछ युवकों का सौरभ के साथ विवाद और मारपीट हुई थी। इसी रंजिश के चलते आरोपियों ने दोबारा हमला कर वारदात को अंजाम दिया।

घटना के बाद पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर 3 से 4 विशेष टीमों का गठन किया गया। टीमों ने विभिन्न पहलुओं पर जांच शुरू की और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी कब्जे में ले ली। कार्रवाई के दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किए गए वाहन को भी जब्त कर लिया है।

एडीसीपी राकेश यादव ने बताया कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही बाकी आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page