
हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में जालंधर के एक परिवार के साथ दर्दनाक हादसा हो गया। मणिकर्ण घाटी से लौटते समय उनकी कार अनियंत्रित होकर करीब 50 फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में परिवार के दो सदस्यों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान 45 वर्षीय परमिंदर और 19 वर्षीय निधि के रूप में हुई है। वहीं तीन अन्य घायलों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। घायलों में एक 8 वर्षीय बच्ची भी शामिल बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, परमिंदर अपने परिवार के साथ हिमाचल प्रदेश घूमने गए थे। मणिकर्ण घाटी से लौटते समय कुल्लू क्षेत्र में उनकी कार अचानक संतुलन खो बैठी और खाई में गिर गई। हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद घायलों को वाहन से बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने दो लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि अन्य का इलाज जारी है।
पड़ोसियों के मुताबिक, परिवार शुक्रवार देर रात करीब साढ़े 11 बजे मौसम कुछ सामान्य होने के बाद यात्रा पर निकला था। कार परमिंदर स्वयं चला रहे थे और यह उनकी निजी गाड़ी थी। परिवार के चार सदस्य एक साथ हिमाचल घूमने गए थे। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती तौर पर खराब मौसम और पहाड़ी मार्ग पर वाहन का संतुलन बिगड़ना हादसे की वजह माना जा रहा है। हालांकि, दुर्घटना के सही कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।

