• Wed. Sep 30th, 2026

Punjab Khabar Live

Latest Hindi News Portal, हिंदी समाचार पोर्टल

पंजाब के पूर्व मंत्री सुंदर शाम अरोड़ा की मुश्किलें बरकरार, हाईकोर्ट ने नहीं दी राहत

ByPunjab Khabar Live

Jul 1, 2026

पंजाब की पूर्व कांग्रेस सरकार में उद्योग मंत्री रहे सुंदर शाम अरोड़ा को पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट से बड़ा झटका लगा है। हाईकोर्ट ने रिश्वत मामले में दर्ज एफआईआर और ट्रायल कोर्ट में चल रही कार्यवाही को रद्द करने की मांग वाली उनकी याचिका खारिज कर दी। अदालत ने स्पष्ट कहा कि याचिका में कोई मेरिट नहीं है और इसे स्वीकार करने का कोई आधार नहीं बनता।

यह मामला साल 2022 का है, जब पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने सुंदर शाम अरोड़ा को अपने एक सहायक महानिरीक्षक (AIG) को रिश्वत देने के आरोप में गिरफ्तार किया था। विजिलेंस के अनुसार, आय से अधिक संपत्ति के मामले से अपना नाम हटवाने के लिए अरोड़ा ने एआईजी को एक करोड़ रुपये की रिश्वत देने की पेशकश की थी।

जांच एजेंसी का आरोप है कि तय समझौते के तहत सुंदर शाम अरोड़ा पहली किस्त के रूप में 50 लाख रुपये लेकर पहुंचे थे। इसी दौरान विजिलेंस टीम ने उन्हें कथित तौर पर रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद भ्रष्टाचार निरोधक कानून के तहत उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई और मामले की कानूनी कार्रवाई शुरू हुई।

सुंदर शाम अरोड़ा ने हाईकोर्ट में याचिका दायर कर एफआईआर और ट्रायल कोर्ट में चल रही कार्यवाही को रद्द करने की मांग की थी, लेकिन अदालत ने उनकी दलीलों को स्वीकार करने से इनकार कर दिया। हालांकि, इस मामले में उन्हें पहले ही पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट से नियमित जमानत मिल चुकी है। हाईकोर्ट के ताजा फैसले के बाद अब उनके खिलाफ ट्रायल कोर्ट में कानूनी प्रक्रिया पहले की तरह जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page