• Wed. Sep 30th, 2026

Punjab Khabar Live

Latest Hindi News Portal, हिंदी समाचार पोर्टल

पंजाब में दर्दनाक सड़क हादसा, खड़े ट्राले में घुसी टेंपो ट्रैवलर; 4 की मौत, 8 घायल

ByPunjab Khabar Live

Jul 1, 2026

पंजाब के बठिंडा-बीकानेर नेशनल हाईवे पर बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 4 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 8 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब तेज रफ्तार टेंपो ट्रैवलर सड़क किनारे खड़े एक ट्राले से पीछे से टकरा गई। सभी घायलों को इलाज के लिए बठिंडा स्थित एम्स में भर्ती कराया गया है, जबकि मृतकों के शव सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाए गए हैं।

टेंपो ट्रैवलर में सवार 11 से 12 श्रद्धालु राजस्थान से अमरनाथ यात्रा के लिए रवाना हुए थे। बुधवार सुबह करीब 7 बजे जब वाहन बठिंडा के डाबा जोर गांव, जोधपुर रोमाना और गुरुसर सानेवाला के बीच पहुंचा, तभी सड़क किनारे पहले से खड़े एक ट्राले से उसकी जोरदार टक्कर हो गई।

हादसा इतना भीषण था कि टेंपो ट्रैवलर का अगला हिस्सा करीब 3 से 4 फीट तक अंदर की ओर पिचक गया। टक्कर के बाद वाहन में सवार यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई। दुर्घटना में मौके पर ही 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि 8 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत टीमें मौके पर पहुंचीं और घायलों को तुरंत बठिंडा एम्स पहुंचाया गया। डॉक्टरों की निगरानी में सभी घायलों का इलाज जारी है। पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page