• Tue. Aug 25th, 2026

Punjab Khabar Live

Latest Hindi News Portal, हिंदी समाचार पोर्टल

स्कूल बस में अचानक लगी आग, देखते ही देखते जलकर हुई खाक; बाल-बाल बचा ड्राइवर

ByPunjab Khabar Live

Jul 11, 2026

गाजियाबाद के नंदग्राम इलाके के पास DPSG की एक स्कूल बस में अचानक भीषण आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया और बस धू-धूकर जलने लगी। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें बस से आग की तेज लपटें और धुएं का गुबार उठता दिखाई दे रहा है।

राहत की बात यह रही कि हादसे के समय स्कूल बस में कोई भी छात्र मौजूद नहीं था। आग भड़कते ही बस चालक समय रहते वाहन से बाहर निकल गया और अपनी जान बचाई। घटना में किसी के घायल होने या जान जाने की सूचना नहीं है।

फायर विभाग को स्कूल बस में आग लगने की सूचना सुबह करीब 9:26 बजे मिली। सूचना मिलते ही फायर स्टेशन से दो फायर टेंडर मौके के लिए रवाना किए गए। दमकल कर्मियों ने घटनास्थल पर पहुंचकर देखा कि बस पूरी तरह आग की चपेट में आ चुकी थी। फायर फाइटर्स ने होज लाइन और होज रील की मदद से चारों तरफ से पानी डालकर आग बुझाने का अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।

फायर विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, स्कूल बस में CNG किट लगी हुई थी। आग लगने के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। शुरुआती जांच में तकनीकी खराबी के कारण आग लगने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए फायर विभाग की टीम जांच कर रही है।

स्कूल बस में आग लगने के कारण मेरठ रोड पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। आग की तेज लपटें और आसमान में उठते धुएं को देखकर बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जमा हो गए। दमकल विभाग की कार्रवाई के बाद स्थिति पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page