• Sat. Jul 11th, 2026

वियतनाम में समुद्र की ऊंची लहरों के बीच पलटी स्पीडबोट, 15 भारतीय पर्यटकों की मौत में समुद्र की ऊंची लहरों के बीच पलटी स्पीडबोट, 15 भारतीय पर्यटकों की मौत

ByPunjab Khabar Live

Jul 11, 2026

वियतनाम में फु क्वोक द्वीप के पास बड़ा नाव हादसा हो गया। भारतीय पर्यटकों को लेकर जा रही एक स्पीडबोट समुद्र में पलट गई। हादसे में 15 भारतीय पर्यटकों की मौत हो गई, जबकि रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान 21 लोगों को बचा लिया गया। नाव पर 4 क्रू मेंबर्स समेत कुल 36 लोग सवार बताए जा रहे थे।

स्थानीय मीडिया के मुताबिक, हादसा सुबह करीब 10:30 बजे हुआ। स्पीडबोट होन मे रुट द्वीप से एन थोई बंदरगाह की ओर जा रही थी। इसी दौरान तट से करीब 400 मीटर की दूरी पर नाव अचानक पलट गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय अधिकारी और राहत टीमें मौके पर पहुंचीं। रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान 21 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया, जबकि सर्च ऑपरेशन के बाद 15 लोगों की मौत की पुष्टि की गई।

बताया जा रहा है कि हादसे का शिकार हुए पर्यटकों में ज्यादातर लोग तेलंगाना और आंध्र प्रदेश से थे। वियतनाम स्थित भारतीय दूतावास ने घटना पर दुख जताते हुए पीड़ितों और उनके परिवारों को हर संभव मदद देने की बात कही है। हादसे के समय समुद्र में ऊंची लहरें उठ रही थीं और मौसम की स्थिति भी खराब थी। सामने आए वीडियो में भी समुद्र में तेज लहरें दिखाई दे रही हैं। आशंका जताई जा रही है कि खराब समुद्री हालात के कारण स्पीडबोट पलट गई।

बताया जा रहा है कि कई पर्यटकों ने लाइफ जैकेट नहीं पहनी हुई थी। नाव पलटने के बाद कुछ पर्यटक उसके नीचे फंस गए, जिससे बचाव अभियान और मुश्किल हो गया। समुद्र में खराब हालात के कारण राहतकर्मियों को रेस्क्यू और सर्च ऑपरेशन चलाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि हादसे की सटीक वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है और अधिकारी मामले की जांच कर रहे हैं।

वियतनाम में भारतीय दूतावास ने अपने बयान में कहा कि फु क्वोक द्वीप के पास भारतीय पर्यटकों को ले जा रही नाव के पलटने की दुखद घटना सामने आई है। दूतावास स्थानीय अधिकारियों के संपर्क में है और घटना से जुड़ी सटीक जानकारी जुटाई जा रही है। पीड़ितों को हर संभव सहायता देने की बात कही गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page