• Sun. Sep 27th, 2026

Punjab Khabar Live

Latest Hindi News Portal, हिंदी समाचार पोर्टल

पंजाब : साथ रहते थे, साथ गेम खेलते थे… फिर एक घटना ने तीन परिवारों को उजाड़ दिया

ByAdmin

Aug 13, 2026

पंजाब के नवांशहर से एक दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां तीन दोस्तों द्वारा कथित तौर पर जहरीली चीज निगलने के बाद दो की मौत हो गई, जबकि तीसरा किशोर अस्पताल में भर्ती है। मामला गांव गढ़पधाना का है। शुरुआती जानकारी में ऑनलाइन गेमिंग और पैसों के नुकसान की बात सामने आ रही है, हालांकि पुलिस अभी पूरे मामले की जांच कर रही है।

पुलिस के मुताबिक घटना 10 अगस्त की है। गांव के सरपंच हरदीप सिंह ने बताया कि तीनों लड़कों के बीच काफी गहरी दोस्ती थी। वे अक्सर साथ रहते थे और मोबाइल पर ऑनलाइन गेमिंग भी करते थे। घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है।

शुरुआती जानकारी के अनुसार 21 वर्षीय दिलप्रीत सिंह ऑनलाइन गेमिंग में कथित तौर पर काफी पैसे हार गया था। बताया जा रहा है कि इसके बाद वह तनाव में था और परिवार के डर व दबाव को लेकर चिंतित था। इसी बीच तीनों दोस्तों द्वारा कथित तौर पर जहरीली चीज निगलने की बात सामने आई है। हालांकि ऑनलाइन गेमिंग और पैसों के नुकसान से जुड़ी जानकारी ग्रामीणों की ओर से सामने आई है। पुलिस इस एंगल समेत मामले के अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

जहरीली चीज निगलने के बाद तीनों की तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया। पुलिस के अनुसार 13 वर्षीय किशोर की 10 अगस्त को ही मौत हो गई। वहीं 21 वर्षीय दिलप्रीत सिंह की हालत गंभीर बनी हुई थी। इलाज के दौरान 11 अगस्त को उसने भी दम तोड़ दिया। तीसरा 15 वर्षीय किशोर अभी अस्पताल में भर्ती है। डॉक्टरों के मुताबिक उसकी हालत पहले के मुकाबले बेहतर बताई जा रही है।

मृतक किशोर के पोस्टमॉर्टम के बाद जब उसका पार्थिव शरीर गांव पहुंचा तो माहौल पूरी तरह गमगीन हो गया। परिवार, रिश्तेदारों और ग्रामीणों ने अंतिम दर्शन किए। अंतिम अरदास और अंतिम संस्कार में बड़ी संख्या में निहंग सिंह भी शामिल हुए। परिवार इस घटना से गहरे सदमे में है। परिजनों ने कैमरे पर किसी तरह की टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आखिर किन परिस्थितियों में तीनों ने यह कदम उठाया।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page