जालंधर के पॉश इलाके मॉडल टाउन में मंगलवार सुबह करीब 9:46 बजे माता रानी चौक के पास दो गाड़ियों के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक कार बेकाबू होकर बीकानेर स्वीट्स की दुकान में जा घुसी। इस दौरान दुकान के मालिक अके सिंह कार की चपेट में आने से बाल-बाल बच गए। हादसे में उनके पैरों में चोट आई है। घटना की सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है।
सीसीटीवी फुटेज के मुताबिक, सुबह करीब 9 बजकर 46 मिनट पर जालंधर इंप्रूवमेंट ट्रस्ट के चेयरमैन रमनीक रंधावा उर्फ लक्की रंधावा की बताई जा रही गाड़ी बीकानेर स्वीट्स के पास मोड़ ले रही थी। इसी दौरान पीछे से आ रही एक कार ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद गाड़ी बेकाबू हो गई और सीधे बीकानेर स्वीट्स की दुकान में जा घुसी।
दुकान के मालिक अके सिंह ने बताया कि उन्होंने गाड़ी को अपनी तरफ आता देख खुद को बचाने की कोशिश की, लेकिन इसके बावजूद गाड़ी उनके पैर के ऊपर से निकल गई। हादसे में उनके पैरों में चोट लगी है। उनका कहना है कि दोनों गाड़ियों की रफ्तार करीब 100 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक थी।

