लुधियाना में रक्षाबंधन से पहले एक दर्दनाक घटना ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। बस्सियां में सांप के डसने से 8 साल के भाई और 6 साल की बहन की मौत हो गई। दोनों बच्चों ने करीब 18 घंटे के अंतराल में दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान जोबनप्रीत सिंह और जशनप्रीत कौर के रूप में हुई है।
दोनों बच्चे गर्मी के कारण परिवार के साथ घर के आंगन में खाट पर सो रहे थे। शुरुआत में परिवार को लगा कि बच्चों को मच्छर या किसी कीड़े ने काटा है, लेकिन हालत बिगड़ने पर हाथ पर डंक के निशान दिखाई दिए। इसी दौरान खाट के नीचे सांप भी नजर आया।
यह घटना लुधियाना के बस्सियां इलाके की है। अमनदीप सिंह का परिवार गर्मी के कारण घर के आंगन में खाट बिछाकर सो रहा था। परिवार में अमनदीप सिंह, उनकी पत्नी, तीन बच्चे और उनकी मां जिंदर कौर मौजूद थीं। 8 वर्षीय जोबनप्रीत सिंह और 6 वर्षीय जशनप्रीत कौर अपनी दादी के पास सोए हुए थे। दोनों बच्चे स्कूल में पढ़ते थे। जशनप्रीत पहली कक्षा की छात्रा थी, जबकि जोबनप्रीत तीसरी कक्षा में पढ़ता था।
बुधवार तड़के करीब 3 बजे जोबनप्रीत ने अपनी दादी से कहा कि उसके हाथ में किसी कीड़े ने काटा है। दादी ने पहले इसे मच्छर का काटना समझा। लेकिन बच्चे ने बताया कि उसे काफी जोर से काटा गया है। कुछ देर बाद जोबनप्रीत जोर-जोर से रोने लगा, जिसके बाद परिवार के लोग जाग गए। उसके हाथ पर डंक के निशान दिखाई दिए। इसी दौरान जब परिवार ने खाट के नीचे देखा तो वहां सांप नजर आया। इसके बाद परिवार को सांप के डसने की पुष्टि हुई।
सांप के काटने का पता चलते ही दादी ने जोबनप्रीत का हाथ बांध दिया, ताकि जहर आगे फैलने से रोका जा सके। इसी बीच उसकी सांस लेने में परेशानी होने लगी। तभी जशनप्रीत भी उठ गई और अपने पिता से भाई को अस्पताल ले जाने के लिए कहने लगी। कुछ ही देर में उसकी भी हालत बिगड़ने लगी और वह बेहोश होने लगी। परिवार दोनों बच्चों को तुरंत सिविल अस्पताल रायकोट लेकर पहुंचा।
रायकोट सिविल अस्पताल में डॉक्टरों ने बच्चों की जांच के बाद स्नेक बाइट की पुष्टि की। 6 वर्षीय जशनप्रीत कौर की हालत बेहद गंभीर थी और डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, 8 वर्षीय जोबनप्रीत की हालत गंभीर होने के कारण उसे लुधियाना के CMC अस्पताल रेफर किया गया। वहां उसे पेडियाट्रिक वार्ड के ICU में भर्ती कर इलाज शुरू किया गया।
CMC अस्पताल में डॉक्टरों ने जोबनप्रीत को बचाने के लिए काफी प्रयास किए, लेकिन उसकी हालत लगातार बिगड़ती गई। डॉक्टरों के मुताबिक, सांप का जहर उसके पूरे शरीर में फैल चुका था। बुधवार देर रात करीब 11 बजे जोबनप्रीत ने ICU में दम तोड़ दिया। उसकी बहन जशनप्रीत की मौत उसी दिन तड़के करीब 5 बजे हुई थी। इस तरह महज करीब 18 घंटे के भीतर दोनों भाई-बहन की मौत हो गई।
एक ही परिवार के दो मासूम बच्चों की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। रक्षाबंधन से ठीक पहले हुई इस घटना ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। पिता अमनदीप सिंह ने बताया कि गर्मी के कारण परिवार अक्सर आंगन में खाट बिछाकर सोता था और घटना वाली रात भी सभी लोग वहीं सो रहे थे।

