पंजाब राज्य अनुसूचित जाति आयोग के चेयरमैन जसवीर सिंह गढ़ी ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने 26 अगस्त की शाम को ही अपना इस्तीफा देने की बात कही है। इसका खुलासा उन्होंने खुद मीडिया के सामने किया। खास बात यह है कि इसके अगले ही दिन यानी 27 अगस्त को आम आदमी पार्टी ने उन्हें चमकौर साहिब विधानसभा क्षेत्र का हलका इंचार्ज नियुक्त कर दिया।
जसवीर सिंह गढ़ी ने कहा कि उनके इस्तीफे को लेकर कई तरह की चर्चाएं चल रही थीं और यह भी कहा जा रहा था कि वह पंजाब से बाहर थे। उन्होंने बताया कि 26 अगस्त को वह व्यस्त होने के कारण किसी का फोन नहीं उठा पाए थे। उन्हें आगामी चुनाव को देखते हुए चमकौर साहिब में पार्टी संगठन को मजबूत करने की जिम्मेदारी दी गई है। उन्होंने कहा कि वह अब पार्टी संगठन को मजबूत करने के लिए काम करेंगे।
चमकौर साहिब में जालंधर के सांसद और कांग्रेस नेता चरणजीत सिंह चन्नी के राजनीतिक प्रभाव को लेकर पूछे गए सवाल पर जसवीर गढ़ी ने उन पर निशाना साधा। चन्नी शब्दों के जादूगर हैं और पंजाबियों को उस जादू से निपटने की कला आती है। उन्होंने कहा कि जादू की माया को जादूगर ही काट सकता है।
उन्होंने चन्नी के चुनावी सफर का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने 2007 में खरड़ से अपना राजनीतिक आधार छोड़कर चमकौर साहिब से चुनाव लड़ा था। उस समय यह सीट आरक्षित थी और वह विधायक बने। इसके बाद वह कांग्रेस में शामिल हुए और 2024 में जालंधर से लोकसभा चुनाव लड़ा। गढ़ी ने कहा कि कोई भी व्यक्ति अपनी राजनीतिक परिस्थितियों के अनुसार कहीं से भी चुनाव लड़ सकता है।

