• Fri. Sep 25th, 2026

Punjab Khabar Live

Latest Hindi News Portal, हिंदी समाचार पोर्टल

अमृतसर में महिला सरपंच से घर के बाहर स्नैचिंग, बात करने के बहाने बालियां छीनकर फरार

ByAdmin

Sep 25, 2026

अमृतसर के सैदोलेहल गांव में बाइक सवार दो अज्ञात लुटेरों ने मौजूदा महिला सरपंच अमरजीत कौर को निशाना बनाकर उनके कानों से सोने की बालियां झपट लीं। वारदात के दौरान आरोपियों ने सरपंच को धक्का भी दिया, जिससे वह सड़क पर गिर गईं। पूरी घटना पास लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज के आधार पर थाना तरसिक्का की पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

पीड़िता अमरजीत कौर के मुताबिक, घटना के समय वह घर के अंदर थीं, जबकि उनकी पोती बाहर एक्टिवा धो रही थी। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक वहां पहुंचे। दोनों ने उनकी पोती से सरपंच को बाहर बुलाने के लिए कहा। अमरजीत कौर के बाहर आने पर एक आरोपी ने उनसे किसी का घर पूछने और मुर्गों के बारे में बातचीत शुरू कर दी। इस दौरान दूसरा आरोपी बाइक पर बैठा रहा और भागने के लिए तैयार था।

अमरजीत कौर के मुताबिक, बातचीत के दौरान आरोपी ने अचानक उनके कानों पर झपट्टा मार दिया और दोनों कानों से सोने की बालियां नोच लीं। वारदात के बाद सरपंच ने हिम्मत दिखाते हुए आरोपियों को पकड़ने की कोशिश की। इसी दौरान आरोपियों ने उनके साथ धक्का-मुक्की की, जिससे वह सड़क पर गिर गईं। इसके बाद दोनों आरोपी मोटरसाइकिल पर सवार होकर मौके से फरार हो गए।

पुलिस अधिकारी कर्म सिंह के मुताबिक, पीड़िता के बयान के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा नंबर 113 दर्ज किया गया है। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली है। फुटेज में दोनों संदिग्ध बाइक पर भागते हुए दिखाई दे रहे हैं। पुलिस बाइक के नंबर और आरोपियों के हुलिए के आधार पर उनकी पहचान करने में जुटी है।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page