फगवाड़ा स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में शनिवार देर रात छात्रों ने जमकर हंगामा किया। यूनिवर्सिटी की एक छात्रा से कथित रेप की सूचना सोशल मीडिया ग्रुप्स में तेजी से वायरल हुई। इसके बाद हजारों छात्र सड़कों पर उतर आए।
छात्रों ने यूनिवर्सिटी कैंपस में तोड़फोड़ की और एक हिस्से में आग लगा दी। यूनिवर्सिटी के मुख्य गेट पर हंगामे के बाद छात्रों ने दिल्ली-अमृतसर नेशनल हाईवे पर धरना देकर ट्रैफिक जाम कर दिया। रात करीब ढाई बजे लगाया गया जाम अब भी लगा हुआ है।
SSP का कहना है कि जांच में रेप का कोई मामला सामने नहीं आया है। वहीं, DIG नवीन सिंगला ने कहा कि रेप की FIR दर्ज कर ली गई है। उन्होंने कहा कि स्टूडेंट्स ने कहा है कि FIR कॉपी मिलते ही हाईवे का जाम खोल दिया जाएगा।
वहीं, यूनिवर्सिटी प्रशासन ने भी रेप के आरोपों को बेबुनियाद बताया। साथ ही स्टूडेंट्स से अपील की है कि वे अफवाह पर ध्यान न दें और किसी भी प्रदर्शन या धरने में भाग न लें। बता दें कि यह यूनिवर्सिटी भाजपा के राज्यसभा सांसद अशोक मित्तल की है।
उधर, यूनिवर्सिटी के डीन लखनपाल ने कहा उनके ध्यान में आया है कि कुछ असामाजिक तत्व सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से पूरी तरह झूठी, बेबुनियाद और मनगढ़ंत अफ़वाहें फैला रहे हैं। इससे छात्रों के बीच बेवजह भ्रम पैदा हो रहा है और यूनिवर्सिटी के शांतिपूर्ण शैक्षणिक माहौल को खराब करने की कोशिश की जा रही है।
जिस तरह से ऐसी झूठी और गुमराह करने वाली जानकारी व्यवस्थित रूप से फैलाई जा रही है, उससे ऐसा लगता है कि यह यूनिवर्सिटी की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुँचाने और उसकी छवि खराब करने की एक सोची-समझी और सुनियोजित कोशिश है।
यूनिवर्सिटी साफ़ तौर पर स्पष्ट करती है कि अभी फैलाई जा रही अफ़वाहों में कोई सच्चाई नहीं है। छात्रों, अभिभावकों और आम जनता से अनुरोध है कि वे ऐसी अफ़वाहों पर विश्वास न करें, न ही उन्हें फैलाएँ और न ही उन्हें बढ़ावा दें। उन्हें केवल यूनिवर्सिटी के आधिकारिक माध्यमों से दी गई जानकारी पर ही भरोसा करना चाहिए।
