जालंधर: लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में शनिवार रात से शुरू हुआ हंगामा अभी भी जारी है। जहां, हजारों छात्र सड़कों पर उतर आए हैं। जिसके बाद जमकर गुंडागर्दी करते हुए छात्रों ने पुलिस व मीडिया कर्मियों पर पत्थर व कांच की बोतलों से हमला कर दिया। जिसमें कई पुलिस व मीडिया कर्मी भी घायल हुए है। मौके पर मौजूद पुलिस कर्मी स्थिति को नियंत्रण पाने के लिये लगातार प्रयास कर रही है। लेकिन स्थिति बेहद तनापूर्ण बनी हुई है। इस दौरान पुलिस और मीडिया कर्मियों की गाड़ियों में तोड़ाफोड़ की गई और आग के हवाले कर दिया गया। वहीं चांसलर का दफ्तर भी आग लगाकर फूंक दिया गया।
इस घटना के बाद यूनिवर्सिटी प्रबंधन ने स्थिति को नियंत्रित करने और कैंपस में माहौल को देखते हुए और छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से नोटिस जारी कर 10 दिनों के लिए सभी नियमित कक्षाओं को निलंबित कर दिया गया है। यह निलंबन 28 सितंबर से प्रभावी माना जाएगा। इसके साथ ही आने वाले दिनों में आयोजित होने वाली मिड-टर्म परीक्षाओं को भी अगले आदेश तक स्थगित करने की घोषणा की गई है।
यूनिवर्सिटी प्रशासन की ओर से छात्रों को भेजे गए आधिकारिक संदेश में स्पष्ट कहा गया है कि मौजूदा हालातों को ध्यान में रखते हुए छात्र अपने माता-पिता और अभिभावकों की सहमति से अपने-अपने घर या गृह नगर जा सकते हैं। इस दौरान जो छात्र परिसर में ही रुकना चाहते हैं, उन्हें सख्त हिदायत दी गई है कि वे अपनी सुरक्षा के मद्देनजर हॉस्टल या अपने रहने के स्थान के भीतर ही रहें। किसी भी प्रकार की अवांछित गतिविधि या विरोध प्रदर्शन में शामिल होने और अनावश्यक रूप से बाहर घूमने पर पूरी तरह से रोक लगा दी गई है।
