लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में बीते शनिवार और रविवार की मध्यरात्रि को हुए भारी बवाल तथा उपद्रव के पीछे का कारण अब उजागर हो गया है। इस पूरे घटनाक्रम की शुरुआत सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Reddit पर शेयर किए गए एक विवादित स्क्रीनशॉट से हुई थी, जिसमें यूनिवर्सिटी के गर्ल्स हॉस्टल में एक छात्रा के साथ रेप का गंभीर दावा किया गया था।

वायरल मैसेज में किए गए थे संगीन आरोप
Reddit पर वायरल इस पोस्ट का शीर्षक ‘एक पुरुष वर्कर ने हॉस्टल में छात्रा से रेप किया है’ रखा गया था। मैसेज में यह दावा किया जा रहा था कि गर्ल्स हॉस्टल-3 (GH-3) में कार्यरत एक पुरुष कर्मचारी ने छात्रा के साथ इस वारदात को अंजाम दिया। इतना ही नहीं, पोस्ट में आरोप लगाया गया कि पीड़ित छात्रा द्वारा शिकायत दर्ज कराने के बावजूद हॉस्टल वार्डन ने कोई कानूनी कार्रवाई करने के बजाय उसे चुपचाप घर भेज दिया। पोस्ट में यूनिवर्सिटी प्रशासन पर पूर्व में हुई घटनाओं को दबाने के भी आरोप लगाए गए थे।
गुस्साए छात्रों ने की तोड़फोड़ और आगजनी
जैसे ही यह स्क्रीनशॉट विभिन्न छात्र समूहों और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर फैला, कैंपस में स्थिति तनावपूर्ण हो गई। इस मैसेज से आक्रोशित होकर बड़ी संख्या में छात्र सडकों पर उतर आए, जिसके बाद यूनिवर्सिटी परिसर में तोड़फोड़, हिंसा और आगजनी की घटनाएं देखने को मिलीं। स्थिति बेकाबू होते देख भारी पुलिस बल को मौके पर तैनात करना पड़ा।
जांच में जुटी पुलिस, पोस्ट हुई डिलीट
मामले के तूल पकड़ते ही उक्त विवादित पोस्ट को प्लेटफॉर्म से हटा दिया गया है। हालांकि, जांच अधिकारियों ने इस पोस्ट का स्क्रीनशॉट अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस अब साइबर सेल की मदद से उस यूजर और आईपी एड्रेस को ट्रैक करने में जुटी है, जिसने इस मैसेज को सबसे पहले पोस्ट किया था, ताकि अफवाह फैलाने और माहौल बिगाड़ने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जा सके।
