• Fri. Nov 13th, 2026

Punjab Khabar Live

Latest Hindi News Portal, हिंदी समाचार पोर्टल

जालंधर के फुटबॉल चौक पर बेकाबू बस का कहर! रेड लाइट पर खड़ी 3 गाड़ियों को मारी टक्कर

ByAdmin

Nov 13, 2026

जालंधर के फुटबॉल चौक पर एक तेज रफ्तार बस ने रेड लाइट पर खड़ी कई गाड़ियों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में स्विफ्ट और ब्रेजा समेत तीन गाड़ियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। घटना के बाद चौक पर अफरा-तफरी मच गई और सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। हादसे के बाद लोगों ने बस चालक को पकड़ लिया और मौके पर जमकर हंगामा किया।

हादसे में क्षतिग्रस्त हुई एक कार के चालक ने बताया कि वह अपने बेटे को स्कूल छोड़कर घर लौट रहा था। इसी दौरान वह फुटबॉल चौक की रेड लाइट पर अपनी गाड़ी लेकर खड़ा था। तभी पीछे से आई एक बस ने उसकी कार को जोरदार टक्कर मार दी। इसके बाद बस ने स्विफ्ट और ब्रेजा कार को भी अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों गाड़ियों को काफी नुकसान पहुंचा। एक कार के शीशे तक टूट गए, जबकि अन्य गाड़ियां भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं।

घटना के बाद बस चालक ने अपनी सफाई देते हुए दावा किया कि बस के ब्रेक फेल हो गए थे, जिसके कारण वह वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और हादसा हो गया। चालक ने यह भी बताया कि उसने बस मालिक को घटना की सूचना दे दी है। हालांकि, मौके पर मौजूद लोगों और हादसे के पीड़ितों ने चालक के इस दावे पर सवाल उठाए। उनका आरोप था कि बस की ब्रेक फेल नहीं हुई थी, बल्कि चालक को झपकी आने के कारण यह हादसा हुआ। लोगों का कहना था कि बस काफी तेज रफ्तार में थी और चालक की लापरवाही से रेड लाइट पर खड़ी गाड़ियों को टक्कर लगी।

हादसे के बाद लोगों ने बस चालक से परमिट और ड्राइविंग लाइसेंस दिखाने को कहा। आरोप है कि चालक के पास मौके पर इन दस्तावेजों की कॉपी मौजूद नहीं थी। बाद में उसने मोबाइल फोन पर लाइसेंस की फोटो दिखाई तो लोगों ने इस पर भी आपत्ति जताई। कुछ लोगों ने आरोप लगाया कि दिखाई गई फोटो में लाइसेंस चालक का नहीं था। इस बात को लेकर मौके पर मौजूद लोगों और बस चालक के बीच बहस बढ़ गई और जमकर हंगामा हुआ।

हादसे के कारण फुटबॉल चौक पर यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। सड़क पर गाड़ियों की लंबी कतारें लग गईं और लोग करीब आधे घंटे तक जाम में फंसे रहे। पीड़ित कार चालकों का आरोप था कि उन्होंने पुलिस को घटना की सूचना काफी देर पहले दे दी थी, लेकिन इसके बावजूद कोई पुलिसकर्मी मौके पर नहीं पहुंचा।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page