पंजाब के लोगों की रसोई का बजट एक बार फिर गड़बड़ाने वाला है। प्रमुख डेयरी ब्रांड वेरका (Verka) ने दूध की कीमतों में इजाफा कर दिया है और ये नई दरें आज से पूरे राज्य में लागू भी हो गई हैं। लुधियाना डिस्ट्रिक्ट कोऑपरेटिव मिल्क प्रोड्यूसर्स यूनियन लिमिटेड द्वारा जारी आदेश के अनुसार, वेरका के फुल क्रीम, स्टैंडर्ड, डबल टोंड और गाय के दूध की कीमतों में 2 रुपये से लेकर 4 रुपये प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी की गई है।
वेरका ने स्पष्ट किया है कि कंपनी के पास फिलहाल पुरानी पैकेजिंग का स्टॉक बचा हुआ है। इसलिए जब तक यह पुराना स्टॉक खत्म नहीं हो जाता, तब तक ग्राहकों को दूध के पैकेट पर पुराना मूल्य ही छपा हुआ दिखाई दे सकता है। हालांकि, खरीदारों को भुगतान नई दरों के अनुसार ही करना होगा। ग्राहकों और दुकानदारों के बीच किसी भी तरह के विवाद या भ्रम से बचने के लिए सभी डीलरों और डिस्ट्रीब्यूटरों को दुकानों पर नई रेट लिस्ट लगाने के सख्त निर्देश दिए गए हैं।
गौरतलब है कि इससे ठीक पहले 12 नवंबर से अमूल और मदर डेयरी ने भी अपने दूध के दामों में 2 से 4 रुपये प्रति लीटर तक का इजाफा किया था। अब वेरका के इस कदम ने आम उपभोक्ताओं की जेब पर सीधा बोझ डाल दिया है। आंकड़ों पर गौर करें तो वेरका के दूध में औसतन 3 रुपये प्रति लीटर की वृद्धि हुई है, जबकि अमूल ने औसतन 2.75 रुपये प्रति लीटर दाम बढ़ाए थे। इस तरह औसत बढ़ोतरी के मामले में वेरका ने अमूल को 25 पैसे प्रति लीटर पीछे छोड़ दिया है।
