• Thu. Nov 5th, 2026

Punjab Khabar Live

Latest Hindi News Portal, हिंदी समाचार पोर्टल

स्पीड रिकॉर्ड्स के मालिक दिनेश औलख के बेटे दिवित की अंतिम अरदास पर उमड़ी पंजाबी इंडस्ट्री, भावुक हुए सितारे

ByAdmin

Nov 5, 2026

जालंधर के बाथ कैसल में स्पीड रिकॉर्ड्स म्यूजिक कंपनी के प्रमुख दिनेश औलख के 18 वर्षीय बेटे दिवंगत दिवित औलख की अंतिम अरदास और भोग की रस्म आयोजित की गई। इस दुखद मौके पर पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री, पॉलीवुड सिनेमा और राजनीतिक गलियारों से कई जानी-मानी हस्तियां परिवार के साथ संवेदनाएं व्यक्त करने पहुंचीं। दिवित को अंतिम विदाई देते समय हर किसी की आंखें नम थीं और माहौल पूरी तरह गमगीन रहा।

श्रद्धांजलि देने पहुंचे मशहूर अभिनेता बीएन शर्मा ने गहरा दुख जताते हुए कहा कि किसी युवा औलाद को खोने के बाद माता-पिता जीते जी मर जाते हैं। उन्होंने कहा कि मुआवजा कभी किसी अपने की कमी पूरी नहीं कर सकता। बीएन शर्मा ने सरकार से सड़क हादसों को रोकने के लिए कड़े नियम बनाने की गुजारिश की, साथ ही युवाओं को सतर्कता से वाहन चलाने और हेलमेट पहनने की सीख दी।

गायक सरबजीत चीमा ने भावुक होते हुए कहा कि दिवित एक बेहद होनहार और होशियार बच्चा था। इस अपूरणीय क्षति को शब्दों में बयां करना नामुमकिन है। परिवार को जिंदगीभर इस भारी कमी और असहनीय दर्द के साथ जीना पड़ेगा।

गायक मनकीरत औलख ने दिवित से जुड़ी यादें साझा करते हुए बताया कि वह संगीत को लेकर बेहद गंभीर था। कम उम्र में ही उसने स्पीड रिकॉर्ड्स के जरिए काम शुरू कर दिया था और दो नए कलाकारों को साइन भी किया था। उन्होंने कहा कि दिनेश भाई का बड़ा बेटा टोरंटो (कनाडा) में पढ़ाई कर रहा है, जबकि छोटा बेटा दिवित संगीत के क्षेत्र में अपने सपने बुन रहा था, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था।

गायक हैप्पी रायकोटी ने कहा कि दिनेश औलख उनके बेहद करीब हैं, लेकिन आज उन्हें इस तरह टूटते और बिखेरते देखना बहुत दर्दनाक था। इस स्थिति में परिवार को सांत्वना देने के लिए भी शब्द कम पड़ रहे हैं।

अंतिम अरदास में पंजाबी गायकी और अभिनय जगत से अमरिंदर गिल, जैजी बी, प्रीत हरपाल, मनकीरत औलख, निंजा, रोशन प्रिंस, इंद्रजीत निक्कू, केएस मक्खन, आर नेत, हैप्पी रायकोटी, सरबजीत चीमा, राज जुझार, गुरलेज अख्तर, देबी मखसूसपुरी, सुदेश कुमारी, परवेज आलम, सचिन आहूजा, अमर नूरी और अनमोल गगन मान पहुंचे।

इसके अलावा अभिनय जगत से गुरप्रीत घुग्गी, बीएन शर्मा, हार्बी संघा, शविंदर माहल, देव खरोद, राणा रणबीर, जगजीत संधू, करमजीत अनमोल व माही शर्मा मौजूद रहे। वहीं राजनीतिक व सामाजिक हस्तियों में पूर्व सांसद मोहम्मद सदीक और हरियाणा के युवा नेता दिग्विजय चौटाला ने भी बाथ कैसल पहुंचकर दिवित औलख को श्रद्धांजलि अर्पित की।

By Admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page